साइना नेहवाल और पारुपल्ली कश्यप का तलाक, 7 साल बाद टूटा बैडमिंटन जगत का सबसे चर्चित रिश्ता
Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय बैडमिंटन की दिग्गज खिलाड़ी और ओलंपिक मेडलिस्ट साइना नेहवाल ने रविवार देर रात अपने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए एक अहम और चौंकाने वाला ऐलान किया।
उन्होंने बताया कि वह और उनके पति, पूर्व टॉप भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी पारुपल्ली कश्यप अब एक-दूसरे से अलग हो चुके हैं। इस पोस्ट के बाद खेल जगत और उनके प्रशंसकों में निराशा की लहर दौड़ गई।
“हम सुकून चुन रहे हैं” – साइना
35 वर्षीय साइना ने इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट में लिखा,
“जिंदगी कभी-कभी हमें अलग दिशाओं में ले जाती है। काफी सोच-विचार के बाद कश्यप और मैंने अलग होने का फैसला किया है। हम दोनों अपने और एक-दूसरे के लिए सुकून, तरक्की और राहत चुन रहे हैं।”

उन्होंने यह भी कहा कि वह अपने रिश्ते में बिताए समय को हमेशा संजोकर रखेंगी और दोनों के भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। पोस्ट में साइना ने प्रशंसकों और मीडिया से निजता का सम्मान करने की अपील भी की।
शादी को हुए थे 7 साल
साइना नेहवाल और पारुपल्ली कश्यप की शादी दिसंबर 2018 में हुई थी। दोनों लंबे समय तक एक-दूसरे के साथ रिश्ते में थे, लेकिन उन्होंने इसे हमेशा निजी रखा।
उनके रिश्ते की शुरुआत हैदराबाद स्थित पुलेला गोपीचंद की बैडमिंटन अकादमी में हुई थी, जहां दोनों प्रशिक्षण ले रहे थे। करियर के शुरुआती दौर से ही दोनों साथ रहे और एक-दूसरे के मजबूत सहायक बने।
तलाक की वजह पर चुप्पी
फिलहाल दोनों ने अलगाव के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं की है। हालांकि साइना के बयान से साफ है कि यह फैसला आपसी सहमति और शांति के साथ लिया गया है।
खेल जगत में निराशा
बैडमिंटन प्रशंसकों और खेल प्रेमियों के लिए यह खबर किसी झटके से कम नहीं है। साइना और कश्यप भारतीय बैडमिंटन की सबसे चर्चित जोड़ियों में से एक थे।
दोनों ने न केवल व्यक्तिगत रूप से शानदार करियर बनाए, बल्कि एक-दूसरे के लिए भी प्रेरणास्रोत रहे।
अब, इस अलगाव के बाद दोनों अपने-अपने जीवन और करियर में नए अध्याय की ओर बढ़ रहे हैं। उनके फैंस उन्हें आगे भी कामयाबी और सुकून की दुआएं दे रहे हैं।

