Saiyaara Box Office Collection: ‘सैयारा’ बनी 100 साल में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली रोमांटिक फिल्म
Sandesh Wahak Digital Desk: बॉलीवुड में एक नया रिकॉर्ड बना है। मोहित सूरी के निर्देशन में बनी फिल्म ‘सैयारा’ ने अपने रिलीज के महज 14वें दिन ही भारत की अब तक की सबसे ज़्यादा कमाई करने वाली रोमांटिक फिल्म का खिताब अपने नाम कर लिया है।
फिल्म ने 2019 में आई शाहिद कपूर की सुपरहिट फिल्म ‘कबीर सिंह’ के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।
18 जुलाई 2025 को रिलीज़ हुई ‘सैयारा’, दो हफ्तों में बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर चुकी है। फिल्म क्रिटिक तरण आदर्श के मुताबिक, फिल्म ने 13 दिनों में 278.75 करोड़ रुपये की कमाई की थी।
14वें दिन दोपहर 4:05 बजे तक ही फिल्म की कमाई 2.45 करोड़ रुपये हो चुकी थी, जिससे टोटल भारत में नेट कलेक्शन 281.2 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। यह आंकड़ा दिन के अंत तक और बढ़ सकता है।

‘कबीर सिंह’ को पछाड़ा, बनी नंबर वन रोमांटिक फिल्म
‘कबीर सिंह’ अब तक भारत की सबसे बड़ी ग्रॉसिंग रोमांटिक फिल्म मानी जाती थी, जिसने भारत में 278.8 करोड़ रुपये और वर्ल्डवाइड 377 करोड़ रुपये कमाए थे।
वहीं, ‘सैयारा’ ने महज 12 दिन में वर्ल्डवाइड 413.75 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया और अब इंडिया में भी इसका नेट कलेक्शन ‘कबीर सिंह’ से आगे निकल चुका है।
सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की सूची में हुई छलांग
‘सैयारा’ अब सैक्निल्क की ऑल-टाइम हाईएस्ट ग्रॉसिंग फिल्मों की लिस्ट में 20वें से 19वें स्थान पर आ चुकी है, जहाँ पहले ‘कबीर सिंह’ मौजूद थी।
खास बात यह है कि इस फिल्म का बजट मात्र 60 करोड़ रुपये था, और इतने कम बजट में इतनी भारी कमाई एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।
अब अगला लक्ष्य: ‘कल्कि 2898 एडी’
‘सैयारा’ का अगला टारगेट अब अमिताभ बच्चन और प्रभास की फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी’ है, जिसने हिंदी भाषा में 293.13 करोड़ रुपये की कमाई की थी और फिलहाल 18वें स्थान पर है।
मौजूदा रफ्तार को देखते हुए विशेषज्ञों का मानना है कि ‘सैयारा’ आने वाले दिनों में इस आंकड़े को भी पार कर लेगी।
अहान पांडे और अनीत पड्डा की जोड़ी बनी हिट
फिल्म में मुख्य भूमिकाओं में नजर आए अहान पांडे और अनीत पड्डा की जोड़ी को दर्शकों का जबरदस्त समर्थन मिला है।
सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर क्रेज लगातार बढ़ता जा रहा है, और इसका असर बॉक्स ऑफिस पर साफ दिख रहा है।

