उन्नाव रेप कांड के दोषी कुलदीप सिंह सेंगर के समर्थन में उतरे भाजपा सांसद साक्षी महाराज

Unnao News: अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की जयंती के अवसर पर बदरका में आयोजित एक कार्यक्रम में पहुंचे उन्नाव के सांसद साक्षी महाराज ने खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि उन्नाव रेप कांड के दोषी कुलदीप सिंह सेंगर के साथ न्याय नहीं हुआ है और इस मामले को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया।

कुलदीप सेंगर का पक्ष लेते हुए साक्षी महाराज ने कहा, मेरा व्यक्तिगत मत है कि उनके (कुलदीप सेंगर) साथ अन्याय हुआ है। न्यायालय ने न्याय करने में बहुत देर की और उन्नाव के नाम को इस मामले में बहुत ज्यादा बदनाम किया गया। लोगों ने इस मुद्दे को काफी बढ़ा-चढ़ाकर उछाला। उन्होंने आगे कहा कि अदालत को ‘नीर-क्षीर विवेक’ (दूध का दूध और पानी का पानी करने वाली बुद्धि) के आधार पर फैसला लेना चाहिए था।

कार्यक्रम के दौरान सांसद ने सुप्रीम कोर्ट द्वारा उमर खालिद और शरजील इमाम की जमानत अर्जी खारिज किए जाने के फैसले का भी स्वागत किया। उन्होंने तीखे लहजे में कहा, जिन लोगों पर देश में दंगे भड़काने और हत्याओं जैसे गंभीर आरोप हैं, उन्हें किसी भी कीमत पर जमानत नहीं मिलनी चाहिए। सर्वोच्च न्यायालय का यह फैसला बिल्कुल उचित है और हम इसका सम्मान करते हैं।

पड़ोसी देश बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे हमलों पर साक्षी महाराज ने कहा कि हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं, लेकिन इस पर अंतिम निर्णय भारत सरकार को लेना है और सरकार पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। इसी कार्यक्रम में मौजूद सदर विधायक पंकज गुप्ता ने संभलकर बयान देते हुए कहा कि न्यायालय अपनी प्रक्रिया के तहत काम कर रहा है और उन्हें पूरा भरोसा है कि सच बहुत जल्द सबके सामने आ जाएगा।

Also Read: अंकिता भंडारी केस में बीजेपी नेता दुष्यंत गौतम को हाई कोर्ट से राहत, कांग्रेस और आप को विवादित पोस्ट हटाने का आदेश

Get real time updates directly on you device, subscribe now.