Bulandshahr News: लड़की की गला रेतकर हत्या मामले में सलीम कबाड़ी मुठभेड़ में गिरफ्तार

Bulandshahr News: बुलंदशहर में 23 वर्षीय क्षमा शर्मा की गला रेतकर हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने आरोपी सलीम कबाड़ी को गिरफ्तार कर लिया है। क्षमा 27 नवंबर से लापता थीं और 1 दिसंबर को बल्लीपुरा गंगा नहर के पास एक अज्ञात शव मिला था, जिसकी पहचान बुधवार को क्षमा के रूप में हुई। इसके बाद देर रात शव को परिवार वालों को सौंपा गया।

यह घटना बुलंदशहर के चोला थाना क्षेत्र के नैथला हसनपुर गाँव की है। डीसीपी भास्कर मिश्रा ने बताया कि आरोपी सलीम कबाड़ी का काम गाँव में कबाड़ की फेरी लगाना था और वह क्षमा को जानता था। पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच 27 नवंबर को किसी बात पर बहस हुई। इसी दौरान, आरोपी सलीम ने क्षमा का गला रेतकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी और शव को गंगा नहर के पास फेंककर फरार हो गया।

मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया हत्यारा

पुलिस ने देर रात आरोपी सलीम को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। जब पुलिस टीम सलीम की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया तमंचा बरामद करने गई, तो सलीम ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। इस हमले में कांस्टेबल अंकुर गोली लगने से घायल हो गए।

जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की और सलीम को पैर में गोली मारकर पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा, कारतूस और चाकू बरामद किया है। इस मामले में एक दरोगा की लापरवाही सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।

न्याय की गुहार लगा रहा बेबस परिवार

बेटी को खोने के बाद क्षमा के पिता दिनेश का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि माँ गहरे सदमे में हैं और कुछ भी बोल पाने की स्थिति में नहीं हैं।

पिता ने अपनी बेटी के लिए न्याय की मांग करते हुए कहा है कि जिस तरह उनकी बेटी की जान ली गई है, आरोपी का भी वैसा ही हाल होना चाहिए। उन्होंने पुलिस प्रशासन पर भी शुरुआती लापरवाही का आरोप लगाया है।

भाई ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

क्षमा के भाई राम बाबू ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा, मेरी बहन 27 नवंबर से लापता थी। हमने शिकायत भी दर्ज करवाई, लेकिन हमें 8 दिन तक चक्कर लगवाए गए और अब जाकर शव मिला है। उन्होंने एसआई असलन पर आरोप लगाया कि उन्होंने पहले लड़के को हिरासत में लिया था, लेकिन फिर उसे छोड़ दिया। स्थानीय लोगों ने इस घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की है और लड़कियों की सुरक्षा पर सवाल उठाए हैं।

Also Read: यात्रियों की आफत बनी इंडिगो, 8 एयरपोर्ट पर 100 से ज़्यादा उड़ानें प्रभावित

Get real time updates directly on you device, subscribe now.