यूपी को ‘विकसित राज्य’ बनाने का रोडमैप तैयार, CM योगी की मौजूदगी में हुआ ‘समर्थ यूपी’ अभियान का शुभारंभ

Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत @2047’ के विजन को साकार करने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में बुधवार को लखनऊ के लोकभवन सभागार में ‘समर्थ उत्तर प्रदेश-विकसित उत्तर प्रदेश @2047’ अभियान की शुरुआत हुई। इस कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों और विद्वानों ने 2047 तक यूपी को एक विकसित राज्य और 6 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लिए अपने महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

प्रमुख सुझावों पर एक नजर:

  • कृषि और शिक्षा: डॉ. विजय सिंह निरंजन ने किसानों के लिए सीधे उनके घर पर अनाज भंडारण की व्यवस्था का सुझाव दिया। साथ ही, उन्होंने कहा कि कोचिंग संस्थान सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक बंद रहने चाहिए ताकि बच्चे नियमित रूप से स्कूल-कॉलेज जा सकें।
  • प्रो. विघ्नेश कुमार ने कहा कि इस अभियान में स्वतंत्रता आंदोलन की गाथाओं को शामिल किया जाए, ताकि लोगों में देश के प्रति सम्मान और ऊर्जा बनी रहे।
  • रिटायर्ड आईएएस आनंद कुमार ने शिक्षा में ट्यूशन कल्चर को कम करने और स्किल डेवलपमेंट पर जोर देने की बात कही। उन्होंने यूपी में रिसर्च हब और सेंटर बनाने का भी सुझाव दिया।
  • रिटायर्ड रेलवे अधिकारी विजय कुमार दत्त ने राज्य के 78 हजार किलोमीटर लंबे मार्गों को रेलवे लाइनों के साथ जोड़ने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने थर्मल पावर प्लांट्स को न्यूक्लियर पावर प्लांट्स में बदलने का भी सुझाव दिया।
  • रिटायर्ड रेलवे अधिकारी शैलेंद्र कपिल ने यूपी के दूध उत्पादों और मिठाई उद्योग को बढ़ावा देने की बात कही। एक अन्य विशेषज्ञ ने खेती की जमीन पर शहरीकरण रोकने और गांवों में छोटे टाउनशिप बनाने का सुझाव दिया।
  • एम्स की तर्ज पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को मजबूत करने, हर गांव में वॉटर एटीएम लगाने और ग्रामीण क्षेत्रों में शराब के ठेकों पर नियंत्रण लगाने जैसे सुझाव भी सामने आए।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री, प्रमुख सचिव, वरिष्ठ अधिकारी और विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति मौजूद रहे। सभी विद्वानों ने एक स्वर में कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, अनुसंधान, संस्कृति और सामाजिक समरसता पर ध्यान देकर ही ‘विकसित उत्तर प्रदेश’ का सपना पूरा किया जा सकता है।

Also Read: लखनऊ में पकड़ा गया फर्जी IAS, छह लग्जरी गाड़ियां और नकली पास बरामद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.