Sambhal News: सपा विधायक के बाग पर चला बुलडोजर, साढ़े 3 बीघा सरकारी जमीन कराई गई मुक्त
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के संभल जिले में शनिवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए समाजवादी पार्टी के विधायक नवाब इकबाल महमूद के बाग से सरकारी जमीन का कब्जा हटाया। अधिकारियों के मुताबिक, विधायक ने अपने बाग में करीब साढ़े 3 बीघा सरकारी जमीन को मिला लिया था, जिसे बुलडोजर चलाकर मुक्त कराया गया।
यह मामला रायसत्ती थाना क्षेत्र के मंडलाई गांव का है। यहाँ विधायक और उनके बेटों, फैज इकबाल और सुहैल इकबाल के नाम पर लगभग 123 बीघा का बाग है। आरोप है कि इसी बाग की सीमा में सरकारी भूमि भी शामिल कर ली गई थी।
शिकायतों के बाद प्रशासन ने कार्रवाई का फैसला लिया। शनिवार सुबह एसडीएम विकास चंद्र, नायब तहसीलदार और राजस्व विभाग की टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँची। टीम ने नलकूप और वन विभाग को भी बुलाया ताकि पैमाइश में कोई गलती न हो। इसके बाद बुलडोजर की मदद से जमीन पर बने अवैध निर्माण और बाउंड्री को हटा दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई पूरी तरह राजस्व रिकॉर्ड के आधार पर की गई है। इस दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। वहीं, इस कार्रवाई को लेकर समाजवादी पार्टी खेमे में नाराजगी दिख रही है। प्रशासन ने साफ किया कि यह कार्रवाई सिर्फ सरकारी जमीन को मुक्त कराने के लिए है और आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।
Also Read: Bihar Politics: तेज प्रताप यादव ने बनाया ‘बिहार गठबंधन’, 6 पार्टियों का नया फ्रंट तैयार

