Sambhal News: पुलिस के खिलाफ FIR का आदेश देने वाले जज विभांशु सुधीर का तबादला

Sambhal News: उत्तर प्रदेश के संभल जिले के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) विभांशु सुधीर इन दिनों देशभर की सुर्खियों में हैं। संभल हिंसा मामले में पुलिस महकमे के रसूखदार अधिकारियों के खिलाफ FIR दर्ज करने का ऐतिहासिक आदेश देने वाले जज सुधीर का अब अचानक तबादला कर दिया गया है। इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश के बाद उन्हें संभल से हटाकर सुल्तानपुर भेज दिया गया है।

न्यायिक गलियारों में विभांशु सुधीर को एक निडर अधिकारी माना जाता है। उन्होंने बीते 9 जनवरी को एक ऐसा फैसला सुनाया जिसने यूपी पुलिस और प्रशासन में खलबली मचा दी थी।

पुलिस पर FIR का आदेश: संभल हिंसा के दौरान घायल हुए एक युवक के पिता ने अदालत में गुहार लगाई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जज सुधीर ने तत्कालीन क्षेत्राधिकारी (CO) अनुज चौधरी, इंस्पेक्टर अनुज तोमर और करीब 20 अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया था।

पुलिस की दलील: इस आदेश के बाद पुलिस प्रशासन में भारी नाराजगी देखी गई थी। एसपी संभल ने तब कहा था कि पुलिसकर्मी सिर्फ अपनी ड्यूटी कर रहे थे और वे इस आदेश के खिलाफ हाईकोर्ट जाएंगे।

कौन हैं विभांशु सुधीर

यूपी के भदोही जिले के रहने वाले विभांशु सुधीर (जन्म: 1990) ने साल 2011 में अपनी वकालत की पढ़ाई पूरी की थी। साल 2013 में वे पहली बार सुल्तानपुर में एडिशनल सिविल जज बने। अपने 11 साल के कार्यकाल में उन्होंने गाजियाबाद, आगरा, मुरादाबाद और एटा जैसे महत्वपूर्ण जिलों में अपनी सेवाएं दी हैं। वे हमेशा कानून के दायरे में रहकर सख्त फैसले लेने के लिए जाने जाते रहे हैं।

तबादले पर उठ रहे सवाल

विभांशु सुधीर के तबादले को लेकर प्रशासनिक गलियारों में काफी चर्चा है। उन्हें संभल से सुल्तानपुर भेजा गया है, लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, संभल में वे मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) जैसे अहम पद पर थे, जबकि सुल्तानपुर में उन्हें सिविल जज (सीनियर डिवीजन) के पद पर तैनात किया गया है। पुलिस के खिलाफ सख्त आदेश और उसके तुरंत बाद हुए इस तबादले को कई लोग एक-दूसरे से जोड़कर देख रहे हैं।

Also Read: शिंजो आबे हत्याकांड में दोषी तेत्सुया यामागामी को उम्रकैद, चुनाव प्रचार के दौरान दागी थी गोली

Get real time updates directly on you device, subscribe now.