Sambhal News: बिजली चोरी के आरोपों का जवाब नहीं दे पाए SP सांसद बर्क, 7 मार्च तक का अल्टीमेटम

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के संभल जिले से समाजवादी पार्टी (SP) के सांसद जियाउर्रहमान बर्क को बिजली चोरी के मामले में 1 करोड़ 91 लाख रुपये की वसूली को लेकर बिजली विभाग ने नोटिस जारी किया था। हालांकि, सांसद बर्क ने अब तक इस नोटिस का कोई जवाब नहीं दिया है। इसके बाद बिजली विभाग ने सांसद को नोटिस का जवाब देने के लिए 7 मार्च तक का समय दिया है।

दरअसल, 19 दिसंबर 2024 को दीपा सराय स्थित सांसद बर्क के आवास पर बिजली विभाग की टीम ने छापेमारी की थी, जिसमें बड़े पैमाने पर बिजली चोरी पकड़ी गई थी। इसके बाद बिजली विभाग ने सांसद के खिलाफ एंटी पावर थेफ्ट थाने में बिजली चोरी का मामला दर्ज कराया और 1 करोड़ 91 लाख रुपये के जुर्माने की वसूली का नोटिस भेजा।

बिजली विभाग द्वारा सांसद बर्क को अब तक दो नोटिस भेजे जा चुके हैं, जिनमें 22 फरवरी तक जुर्माने की राशि जमा करने का निर्देश दिया गया था। लेकिन सांसद ने नोटिस का जवाब नहीं दिया। सांसद बर्क की तरफ से एक बार फिर समय बढ़ाने की अपील की गई, जिसके बाद बिजली विभाग ने उन्हें 7 मार्च तक का समय दिया है।

बिजली विभाग के एक्सईएन नवीन गौतम ने बताया कि सांसद बर्क को पहले 22 फरवरी तक का समय दिया गया था, क्योंकि 7 फरवरी को उनके प्रतिनिधि ने समय बढ़ाने का अनुरोध किया था। इसके बाद समय सीमा को 22 फरवरी तक बढ़ाया गया, लेकिन अब सांसद बर्क की ओर से फिर से समय की मांग की गई है, जिसे स्वीकार करते हुए 7 मार्च तक का नया समय तय किया गया है।

Also Read: UP News: आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भर्तियों में भ्रष्टाचार, मंत्री ने खोला मोर्चा,…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.