Sambhal News: बुर्के में कांवड़ लाने वाली तमन्ना मलिक को मिली धमकी
Sambhal News: उत्त्तर प्रदेश के संभल स्थित असमोली क्षेत्र के गांव बदनपुर बसेई की निवासी तमन्ना मलिक और उनके पति अमन त्यागी को सोशल मीडिया पर धमकियां मिलने का मामला सामने आया है। अमन त्यागी का कहना है कि वह इस मामले को लेकर एसपी से मिलकर शिकायत करेंगे। उनका आरोप है कि उनकी पत्नी के बुर्का पहनने को लेकर कुछ लोग सोशल मीडिया पर धमकी दे रहे हैं।
शादी से पहले बुर्का पहनती थीं तमन्ना
अमन त्यागी के मुताबिक उनकी पत्नी तमन्ना मलिक शादी से पहले करीब 22 साल तक परिवार के कहने पर बुर्का पहनती थीं। उन्होंने बताया कि अब उनकी पत्नी सनातन धर्म को मानती हैं और सनातन में उन्हें पूरी आजादी है। उनका कहना है कि बुर्का पहनना या न पहनना उनकी पत्नी की अपनी मर्जी है।
जानकारी के मुताबिक तमन्ना मलिक ने अमन त्यागी से शादी के लिए कांवड़ लाने की मनौती मांगी थी। शादी को साढ़े तीन साल हो चुके हैं और इस बार वह हरिद्वार से कांवड़ लेने गई थीं। इसके बाद उन्होंने संभल के क्षेमनाथ तीर्थ में जलाभिषेक किया था।

मिल रही जान से मारने की धमकी
यहां सोमवार को अमन त्यागी ने बताया कि उनके सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उनकी पत्नी को लेकर जान से मारने की धमकी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी पहले मुस्लिम थीं और बुर्का पहनती थीं। यह उनका व्यक्तिगत अधिकार है कि वह बुर्का पहनें या न पहनें। उन्होंने यह भी कहा कि धमकी देने वालों से वह डरने वाले नहीं हैं।

कार्रवाई की बात, लेकिन अभी शिकायत नहीं
तमन्ना मलिक का कहना है कि धमकी देने वालों के खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी। वहीं असमोली थाना प्रभारी मोहित चौधरी ने बताया कि अभी तक कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने पर मामले की जांच कराई जाएगी।
Also Read: लखनऊ: शातिर गैंगस्टर और जालसाज जितेंद्र यादव गिरफ्तार, धोखाधड़ी के दर्जनों मामलों में था वांछित

