यादव जी की लव स्टोरी फिल्म के खिलाफ संभल में प्रदर्शन, पोस्टर जलाकर रिलीज रोकने की मांग

Sambhal News: उत्तर प्रदेश के संभल जिले में बुधवार को फिल्मों के नाम और विषय को लेकर चल रही पुरानी बहस ने एक नया मोड़ ले लिया। आगामी फिल्म यादव जी की लव स्टोरी को लेकर यादव समुदाय के लोगों ने उग्र प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने न सिर्फ फिल्म के पोस्टर जलाए, बल्कि उन्हें पैरों से रौंदकर अपना आक्रोश जाहिर किया।

प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि फिल्म का शीर्षक और इसकी कहानी उनके समाज को गलत तरीके से पेश करने की कोशिश है। लोगों का आरोप है कि जानबूझकर समाज को निशाना बनाने के लिए ऐसी फिल्में बनाई जा रही हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि इस फिल्म की रिलीज पर तुरंत रोक लगाई जाए, अन्यथा आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

सिनेमा हॉल संचालकों को चेतावनी

फिल्म को लेकर नाराजगी सिर्फ संभल तक सीमित नहीं है, बल्कि उत्तर प्रदेश के कई अन्य इलाकों में भी सुलग रही है। प्रदर्शनकारियों ने सिनेमा हॉल के मालिकों को साफ चेतावनी दी है कि अगर उनके यहाँ इस फिल्म की स्क्रीनिंग की गई, तो इसकी जिम्मेदारी उनकी खुद की होगी। कई जगहों पर जिला प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपे गए हैं।

अंकित भड़ाना के निर्देशन में बनी यह फिल्म एक रोमांटिक थ्रिलर है। फिल्म में विशाल मोहन और प्रगति तिवारी मुख्य भूमिकाओं में हैं। विवाद की मुख्य वजह फिल्म में प्रगति द्वारा निभाया गया किरदार ‘सिंपल यादव’ और उनके तथा ‘वसीम अख्तर’ नामक युवक के बीच दिखाई गई प्रेम कहानी बताई जा रही है। समाज के एक वर्ग का मानना है कि यह नाम और चित्रण उनके सांस्कृतिक ताने-बाने को ठेस पहुंचाता है।

यह फिल्म 27 फरवरी, 2026 को बड़े पर्दे पर आने वाली है। अब देखना यह होगा कि बढ़ते विरोध के बीच सेंसर बोर्ड और फिल्म निर्माता क्या रुख अपनाते हैं। फिलहाल संभल में माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है और पुलिस स्थिति पर नजर रखे हुए है।

Also Read: बड़े पर्दे पर दिखेगा ऑपरेशन सिंदूर का पराक्रम, विवेक अग्निहोत्री और भूषण कुमार मिलकर बनाएंगे फिल्म

Get real time updates directly on you device, subscribe now.