समीर वानखेड़े ने शाहरुख खान और रेड चिलीज पर दायर किया 2 करोड़ रुपये का मानहानि मुकदमा
Sandesh Wahak Digital Desk: बहुचर्चित आर्यन खान ड्रग्स मामले से जुड़े पूर्व एनसीबी अधिकारी समीर वानखेड़े ने सुपरस्टार शाहरुख खान, उनकी पत्नी गौरी खान की कंपनी रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और नेटफ्लिक्स के खिलाफ दिल्ली उच्च न्यायालय में मानहानि का मुकदमा दायर किया है।
वानखेड़े ने वेब सीरीज ‘द बैड बॉयज ऑफ बॉलीवुड’ में अपनी छवि को धूमिल करने का आरोप लगाते हुए 2 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग की है। उन्होंने बताया कि यह राशि वह कैंसर पीड़ितों के इलाज के लिए टाटा मेमोरियल अस्पताल को दान करेंगे।
मुकदमे की वजह
वानखेड़े का कहना है कि रेड चिलीज और नेटफ्लिक्स ने जानबूझकर सीरीज के एक हिस्से में उनकी छवि को गलत तरीके से पेश किया, खासकर तब जब मामला बॉम्बे हाईकोर्ट और मुंबई के एनडीपीएस विशेष न्यायालय में विचाराधीन है। उन्होंने अदालत से स्थायी निषेधाज्ञा और घोषणात्मक राहत की भी मांग की है।
वानखेड़े ने आरोप लगाया कि सीरीज में एक किरदार उनसे प्रेरित दिखाया गया, जो ‘सत्यमेव जयते’ का नारा लगाते हुए मिडिल फिंगर का अशोभनीय इशारा करता है।
आर्यन खान मामले से उपजे विवाद को नया मोड़
उन्होंने इसे राष्ट्रीय सम्मान अपमान निवारण अधिनियम, 1971 का उल्लंघन बताया। इसके अलावा उन्होंने कहा कि यह सामग्री कानून प्रवर्तन संस्थाओं की छवि को भी गलत रूप में प्रस्तुत करती है। वानखेड़े ने दावा किया कि सीरीज सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (BNS) के प्रावधानों का उल्लंघन करती है और इससे राष्ट्रीय भावनाओं को चोट पहुंचाई गई है।
यह कदम आर्यन खान मामले से उपजे विवाद को नया मोड़ देता है और अब यह देखना दिलचस्प होगा कि दिल्ली उच्च न्यायालय इस हाई-प्रोफाइल मानहानि मुकदमे में क्या फैसला सुनाता है।
Also Read: नेतन्याहू यूएन में देंगे फिलिस्तीन को मान्यता देने वालों को जवाब, अमेरिका से भी करेंगे चर्चा

