अश्लील गानों पर सम्राट चौधरी का सख्त आदेश, बोले- महिलाओं की गरिमा से समझौता नहीं, अब दर्ज होगी FIR
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार की सड़कों, बसों और सार्वजनिक समारोहों में बजने वाले फूहड़ और अश्लील गानों पर राज्य सरकार ने पूरी तरह लगाम कसने की तैयारी कर ली है। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पुलिस प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अश्लील और दोहरे अर्थ वाले गानों के खिलाफ पूरे प्रदेश में विशेष अभियान चलाया जाए। उन्होंने साफ किया कि महिलाओं की सुरक्षा और समाज की मर्यादा के साथ खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस समस्या की गंभीरता को समझाते हुए कहा कि सस्ते और दोहरे अर्थ वाले गाने केवल मनोरंजन नहीं हैं, बल्कि समाज के लिए एक गंभीर मानसिक प्रदूषण हैं। उन्होंने कहा, ऐसे गानों की वजह से सार्वजनिक जगहों पर हमारी माताएं-बहनें असहज महसूस करती हैं। साथ ही, बच्चों की कोमल सोच पर भी इसका बेहद बुरा असर पड़ता है। इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आने वाले होली के त्योहार को देखते हुए सरकार ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।
सम्राट चौधरी ने बताया कि होली के दौरान हर जिले में पुलिस की पैनी नजर रहेगी। नियम तोड़ने वालों पर भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 296 और 79 के तहत मामला दर्ज होगा। अश्लील गाने बजाने वाले वाहन चालकों और आयोजकों पर कार्रवाई के साथ-साथ उनके साउंड सिस्टम भी जब्त कर लिए जाएंगे।
Also Read: ‘SIR के डर से हुई 107 लोगों की मौत’, बंगाल विधानसभा में ममता सरकार का बड़ा दावा

