लखनऊ: मटियारी में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, भव्य ‘सनातन गौरव यात्रा’ और हिंदू सम्मेलन संपन्न
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के मटियारी स्थित बलराम नगर के आदर्श खंड-2 स्थित सद्भावना पार्क में रविवार, 1 फरवरी 2026 को भव्य हिंदू सम्मेलन एवं सनातन गौरव यात्रा का आयोजन किया गया। श्रद्धा, अनुशासन और सामाजिक समरसता के संदेश के साथ निकली इस यात्रा में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों और युवाओं ने हिस्सा लिया।
केसरिया ध्वजों के साथ निकली गौरव यात्रा
सनातन गौरव यात्रा मटियारी से शुरू होकर बीबीडी, तिवारीगंज, इमली बांध मंदिर, बजरंग कुटी और मुरलीपुर बाजार होते हुए वापस सद्भावना पार्क पर संपन्न हुई। इस यात्रा में लगभग 100 बाइक और 20 चौपहिया वाहनों का काफिला शामिल था। यात्रा का सबसे आकर्षण केंद्र बच्चों द्वारा सजाई गई भगवान राम, लक्ष्मण, हनुमान और वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की झांकियां रहीं, जिन्हें देखने के लिए सड़कों पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
यात्रा जब नौबस्ता कलां पहुंची, तो वहां के प्रधान भोला वर्मा (विवेक सिंह) ने टीम के साथ यात्रा का जोरदार स्वागत किया। पुष्प वर्षा और नारों के बीच श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।
संतों का सान्निध्य और प्रेरणादायी विचार
यात्रा के समापन के बाद आयोजित हिंदू सम्मेलन में अयोध्या धाम से पधारे मुख्य अतिथि बृजेन्द्र दास महाराज और संत ओंकार दास जी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त हुआ। मुख्य वक्ता डॉ. शैलेन्द्र शर्मा ‘अटल’ ने अपने संबोधन में सनातन संस्कृति की महत्ता और राष्ट्र निर्माण में हिंदू समाज की जिम्मेदारी पर जोर दिया।
सम्मेलन में सामाजिक एकजुटता का संदेश देते हुए विभाग कार्यवाह अमितेश ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के 100 वर्षों के गौरवशाली सफर पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि कैसे संघ आपदा सेवा और सामाजिक समरसता के जरिए राष्ट्र सेवा में निरंतर योगदान दे रहा है।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
राष्ट्रीय उद्योग आश्रम इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों संजू यादव, अरमान खान, गुलशन फातिमा और यशवी भारद्वाज ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। मंच संचालन अनूप और प्रोफेसर रमेश ने कुशलतापूर्वक किया। इस अवसर पर आरएसएस के नगर सह संघ चालक नर सिंह, नगर कार्यवाह अनुराग सहित भारी संख्या में गणमान्य नागरिक और मातृ शक्ति उपस्थित रही।
आयोजकों ने कार्यक्रम के शांतिपूर्ण और अनुशासित ढंग से संपन्न होने पर सभी कार्यकर्ताओं और पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
Also Read: 1.25 लाख के इनामी ‘कातिल भाई’ गिरफ्तार, पहचान बदलकर छिपे थे हसीब और नसीब, UP STF ने दबोचा

