लखनऊ में संजू बाबा का स्वैग, बोले- ओए मामू! झाड़ लगाओ और पानी बचाओ वरना अपनी वॉट लग जाएगी
Lucknow News: फिल्म स्टार संजय दत्त रविवार को लखनऊ के आशियाना इलाके में नजर आए। सरोजनी नगर के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के निमंत्रण पर वे नेट जीरो (Net Zero) कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। यहाँ उन्होंने न केवल पर्यावरण प्रेमियों को सम्मानित किया, बल्कि अपने ट्रेडमार्क मुंबइया स्टाइल में युवाओं को नसीहत भी दी।
संजय दत्त जब मंच पर आए, तो उन्होंने अपनी फिल्म मुन्ना भाई वाले अंदाज में माइक संभाला। उन्होंने युवाओं से कहा, ओए मामू, बात सुन। जित्ते भी मामू यहाँ खड़ेला हैं न? सब बात सुनने का। जिंदगी में दो काम करने का। एक- पौधा लगाने का, दूसरा- पानी बचाने का। अगर ये नहीं किया तो… खुद की वॉट लगाने का। उनके इस डायलॉग पर पूरा पंडाल तालियों से गूंज उठा।
बंगला बाजार में संजय दत्त का स्वागत किसी जश्न से कम नहीं था। मुख्य कार्यक्रम स्थल तक पहुँचने के लिए उन्होंने करीब 1 किलोमीटर का रोड शो किया। खुली जीप में सवार ‘संजू बाबा’ को देखने के लिए फैंस इस कदर बेकाबू हुए कि पुलिस के पसीने छूट गए। घरों की छतों से लेकर सड़क किनारे तक, हर तरफ से उन पर फूलों की बारिश की गई।

जब खुद ड्राइवर बन गए विधायक राजेश्वर सिंह
कार्यक्रम के दौरान विधायक राजेश्वर सिंह ने संजय दत्त को ‘भैया’ कहकर संबोधित किया और उनकी आने वाली फिल्म ‘धुरंधर-2’ का प्रमोशन भी किया। लेकिन महफिल तो तब जमी जब कार्यक्रम खत्म होने के बाद विधायक खुद ड्राइविंग सीट पर बैठ गए। संजय दत्त पहले बीच की सीट पर बैठे थे, लेकिन जब उन्होंने देखा कि राजेश्वर सिंह खुद स्टेयरिंग संभाल रहे हैं, तो वे तुरंत उतरकर आगे की सीट पर उनके बगल में बैठ गए।
Also Read: मायावती का मिशन 2027, कार्यकर्ताओं को दिया सत्ता की मास्टर चाबी हासिल करने का मंत्र

