महाकाल के दरबार में पहुंचे संजय दत्त, भस्म आरती में हुए शामिल

Sandesh Wahak Digital Desk: नवरात्रि के शुभ अवसर पर बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त उज्जैन में स्थित प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे। उन्होंने यहां भगवान शिव का आशीर्वाद लिया और भस्म आरती में भी हिस्सा लिया। मंदिर के अंदर की तस्वीरों में संजय दत्त पारंपरिक लिबास में पूजा करते हुए और पूरी श्रद्धा के साथ भक्ति में डूबे हुए दिखाई दे रहे हैं।

संजय दत्त सुबह-सुबह कड़ी सुरक्षा के बीच मंदिर परिसर में पहुंचे और महाकालेश्वर की भस्म आरती में शामिल हुए। यह आरती महाकाल मंदिर के सबसे खास अनुष्ठानों में से एक मानी जाती है, जो ब्रह्म मुहूर्त में, सुबह 3:30 से 5:30 बजे के बीच होती है। इस दौरान बाबा महाकाल का दूध, दही, घी, चीनी और शहद के पंचामृत से अभिषेक किया जाता है।

शिप्रा नदी के किनारे बना महाकालेश्वर मंदिर, भारत के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक है और इसका धार्मिक महत्व बहुत ज़्यादा है। संजय दत्त ने यहाँ भगवान भोलेनाथ के चरणों में माथा टेका और उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है, जिसमें वे भक्तिमय अंदाज़ में नज़र आ रहे हैं।

वर्कफ्रंट की बात करें तो, संजय दत्त हाल ही में टाइगर श्रॉफ और हरनाज़ संधू के साथ फिल्म बागी 4 में नज़र आए थे, जिसमें उनके दमदार एक्शन को काफी सराहा गया। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अच्छी शुरुआत करते हुए पहले दिन 13.20 करोड़ रुपये कमाने में कामयाब रही। संजय दत्त ने अब तक 177 से अधिक फिल्मों में काम किया है, और उनकी आने वाली फिल्मों में ‘थामा’, ‘धुरंधर’ (रणवीर सिंह के साथ), ‘कॉकटेल-2’, ‘धमाल-4’, ‘शेर’ और ‘राजा शिवाजी’ जैसी फिल्में शामिल हैं।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.