करिश्मा कपूर के बच्चों ने पिता संजय कपूर की संपत्ति के लिए हाईकोर्ट में दायर की याचिका
Sandesh Wahak Digital Desk: बॉलीवुड एक्ट्रेस करिश्मा कपूर के बच्चों ने अपने पिता संजय कपूर की 30,000 करोड़ रुपये की संपत्ति में हिस्सा पाने के लिए दिल्ली हाईकोर्ट में एक याचिका दायर की है। इस याचिका में उन्होंने अपनी सौतेली माँ प्रिया कपूर पर पिता की वसीयत में हेरफेर और जालसाजी का आरोप लगाया है।
करिश्मा और संजय के बच्चे समायरा और कियान ने याचिका में खुद को पिता का कानूनी वारिस बताते हुए उनकी हर संपत्ति में पाँचवाँ हिस्सा माँगा है। बता दें कि संजय कपूर का 12 जून, 2025 को लंदन में निधन हो गया था।
बच्चों का दावा है कि उनकी सौतेली माँ प्रिया ने शुरू में वसीयत के होने से इनकार किया था, लेकिन बाद में उन्होंने 21 मार्च, 2025 का एक दस्तावेज़ पेश किया, जिसे उन्होंने वसीयत बताया। याचिका में इस दस्तावेज़ को नकली और कानूनी तौर पर अमान्य बताया गया है।
याचिकाकर्ताओं का यह भी कहना है कि उन्हें अब तक वसीयत की मूल प्रति या उसकी कोई कॉपी नहीं दी गई है। यह मामला अभी दायर हुआ है और इसकी सुनवाई की तारीख अभी तय नहीं हुई है। करिश्मा कपूर और संजय कपूर की शादी 2003 में हुई थी और 2016 में उनका तलाक हो गया था। संजय कपूर ने तीन शादियां की थीं, जिसमें उनकी पहली शादी नंदिता महतानी से हुई थी और तीसरी शादी प्रिया सचदेव से।
Also Read: Kanpur News: स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2024 में कानपुर को मिली बड़ी सफलता, देश के टॉप-5 शहरों में शामिल

