संजय सिंह का पीएम मोदी पर सीधा वार, पूछा- ‘क्या अब देश से माफी मांगेंगे प्रधानमंत्री?

Sandesh Wahak Digital Desk: राउज एवेन्यू कोर्ट द्वारा अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया को कथित शराब घोटाले में आरोप मुक्त (Discharge) किए जाने के बाद आम आदमी पार्टी के खेमे में जश्न का माहौल है। पार्टी के कद्दावर नेता और सांसद संजय सिंह ने इस मौके पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भारतीय जनता पार्टी और केंद्र सरकार पर तीखा प्रहार किया।

‘भाजपा का षड्यंत्र हुआ बेनकाब’

संजय सिंह ने अदालत के फैसले का हवाला देते हुए कहा कि आज यह साबित हो गया है कि अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और आम आदमी पार्टी के तमाम नेता कट्टर ईमानदार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा ने देश की सबसे ईमानदार पार्टी की छवि खराब करने के लिए एक गहरा षड्यंत्र रचा था, जो आज पूरी तरह नाकाम हो गया है।

प्रधानमंत्री से माफी की मांग

सांसद संजय सिंह ने बेहद कड़े शब्दों में कहा, “अगर प्रधानमंत्री में जरा भी नैतिकता बची है, तो उन्हें तुरंत पूरे देश के सामने आकर माफी मांगनी चाहिए। उन्हें स्वीकार करना चाहिए कि उन्होंने राजनीतिक द्वेष के चलते ‘आप’ को बदनाम करने की साजिश रची थी।” ‘चट्टान की तरह लड़ते रहेंगे’

उन्होंने आगे कहा कि केजरीवाल और सिसोदिया ने भाजपा की ‘तानाशाही’ के सामने घुटने नहीं टेके। वे जेल गए, प्रताड़ित हुए, लेकिन सच्चाई के रास्ते से नहीं हटे। संजय सिंह ने साफ कर दिया कि उनकी पार्टी इस तानाशाही के खिलाफ चट्टान की तरह डटकर लड़ती रही है और भविष्य में भी जनता की आवाज उठाती रहेगी।

इस फैसले के बाद आम आदमी पार्टी अब जनता के बीच इस संदेश को ले जाने की तैयारी में है कि जांच एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक विरोधियों को कुचलने के लिए किया गया था।

Also Read: ‘केजरीवाल का बेदाग छूटना भाजपा के लिए ‘नैतिक मृत्युदंड’ जैसा’, अखिलेश यादव का तीखा प्रहार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.