27 हजार स्कूलों की बंदी पर गरजे संजय सिंह: बच्चों से किताबें छीनकर शराब की बोतल थमा रही योगी सरकार

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में 27 हजार से ज़्यादा सरकारी स्कूल बंद होने के मामले ने राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद और यूपी प्रभारी संजय सिंह ने सोमवार को योगी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार शिक्षा की नींव को ही तोड़ रही है और बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है। संजय सिंह ने कहा, “यह सरकार नहीं चाहती कि गरीब, दलित, पिछड़े और किसान का बच्चा पढ़-लिखकर आगे बढ़े। इसलिए स्कूल बंद किए जा रहे हैं, शिक्षक नहीं दिए जा रहे और शिक्षा व्यवस्था को पूरी तरह से तबाह किया जा रहा है।”

2 लाख से ज़्यादा शिक्षकों की कमी, सरकार चुप क्यों?

संजय सिंह ने कहा कि सरकार के पास खुद के आंकड़े हैं, जिनके अनुसार:

  • प्राथमिक स्तर पर 1.93 लाख शिक्षक नहीं हैं।

  • माध्यमिक में 3,872 और वरिष्ठ माध्यमिक में 8,714 पद खाली हैं।
    इसके बावजूद भर्ती की कोई ठोस योजना नहीं है।
    उन्होंने कहा, “प्रयागराज में ही 633 स्कूल ऐसे हैं जिन्हें खतरनाक घोषित किया गया है। लेकिन सरकार की चिंता स्कूलों की नहीं, शराब की दुकानों की है।”

स्कूल बंद, ठेके चालू!

संजय सिंह ने सवाल उठाया कि जब स्कूल बंद किए जा रहे थे, तब सरकार ने प्रदेश में 27,308 शराब के ठेके खोल दिए।
“ये कैसी डबल इंजन सरकार है, जो बच्चों से किताबें छीनकर शराब की बोतल थमा रही है?” उन्होंने कहा।
उत्तर प्रदेश में प्रति छात्र शिक्षा पर सिर्फ 9,167 सालाना खर्च हो रहा है, जो कि राष्ट्रीय औसत ₹12,768 से काफी कम है।

मधुशाला नहीं पाठशाला चाहिए का नारा

आप नेता ने ऐलान किया कि पार्टी पूरे प्रदेश में ‘स्कूल बचाओ आंदोलन’ शुरू कर चुकी है।
“हम गांव-गांव जाकर लोगों को बताएंगे कि किस तरह योगी सरकार बच्चों के हक से खिलवाड़ कर रही है। हम ‘मधुशाला नहीं, पाठशाला चाहिए’ का नारा बुलंद करते रहेंगे।”

2027 में जनता देगी जवाब: संजय सिंह

संजय सिंह ने कहा, “इस सरकार का असली चेहरा अब जनता के सामने आ चुका है। 2027 में यही जनता इस सरकार को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी।”
उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने तुरंत शिक्षक भर्ती, स्कूलों की मरम्मत और बंद स्कूलों को दोबारा शुरू करने की दिशा में कदम नहीं उठाए, तो आम आदमी पार्टी इसे सड़क से लेकर संसद तक मुद्दा बनाएगी।

“शिक्षा को नीलाम किया जा रहा है, और सरकार खामोश है। ये चुप्पी अब नहीं चलेगी।” – संजय सिंह


Also Read : डॉक्टर के घर पर चोरों ने किया हाथ साफ, 18 लाख नकद-जेवर और कार…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.