CM योगी की नई पहल पर संजय सिंह ने कसा तंज, पीएम मोदी को लेकर भी कही ये बात

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 18वीं विधानसभा सत्र में एक नई और अनूठी पहल की शुरुआत की है। उन्होंने विधानसभा में कहा कि अगर कोई सदस्य हिंदी में धाराप्रवाह नहीं बोल सकता, तो उसे भोजपुरी, अवधी, ब्रज या बुंदेलखंडी जैसे स्थानीय भाषाओं में भी अपनी बात रखने का अधिकार मिलना चाहिए।

योगी आदित्यनाथ का यह बयान इस मुद्दे पर विचार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है कि भाषाई विविधता को मान्यता दी जाए। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि अगर कोई व्यक्ति भोजपुरी या अवधी नहीं बोल सकता, तो उसे उर्दू का समर्थन करने का अधिकार नहीं होना चाहिए।

इस पर आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने सीएम योगी पर तंज कसा है। संजय सिंह ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा कि “योगी जी ने अपने 4 मिनट 28 सेकंड के उर्दू विरोधी भाषण में खुद 9 उर्दू शब्दों का इस्तेमाल किया।” उन्होंने उदाहरण देते हुए लिखा कि शब्द जैसे ‘तबके’, ‘पायदान’, ‘अगर’, ‘बात’, ‘बच्चों’, ‘आदी’, ‘सरकार’, ‘अंदर’, और ‘दुनिया’ उर्दू के हैं।

संजय सिंह ने इसके बाद पीएम मोदी पर भी निशाना साधते हुए लिखा कि “अमेरिका हर दिन भारत का अपमान कर रहा है। वाइट हाउस ने भारतीयों की तस्वीर जारी करते हुए उन्हें हथकड़ी और बेड़ियां पहने दिखाया है। महामानव की महाचुप्पी देश को परेशान कर रही है। 144 करोड़ भारतीयों का रहनुमा इतना संवेदनहीन कैसे हो सकता है? मोदी के मुंह से विरोध का एक शब्द क्यों नहीं?” संजय सिंह के इन बयान से राजनीतिक माहौल और गर्म हो गया है, जिसमें भाषा और विदेश नीति के मुद्दों को लेकर तीखी बयानबाजी हो रही है।

Also Read: ‘संक्रमित सोच का उपचार संभव नहीं…’, विधानसभा में महाकुम्भ पर विपक्ष के दुष्प्रचार पर भड़के CM योगी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.