सिद्धार्थनगर में संस्कृत प्रतिभा खोज प्रतियोगिता, 41 विद्यालयों के 84 छात्रों ने लिया हिस्सा

Siddharthnagar News: संस्कृति और संस्कृत भाषा को पीढ़ी दर पीढ़ी जीवंत बनाए रखने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थान, लखनऊ एवं भाषा विभाग, उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में माधव प्रसाद त्रिपाठी चिकित्सा महाविद्यालय, सिद्धार्थनगर में जनपदीय संस्कृत गीत एवं सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

प्रतियोगिता में जनपद के 41 विद्यालयों के 84 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के संयोजक आचार्य डॉ. शिशिर मिश्रा ने बताया कि कक्षा 6 से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। इनमें 34 छात्रों ने संस्कृत सामान्य ज्ञान और 50 छात्रों ने संस्कृत गीत प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया।

सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में राजा रतन सेन इंटर कॉलेज बांसी की सिवी त्रिपाठी ने प्रथम, श्री सिंहेश्वरी इंटर कॉलेज तेतरी बाजार की अनुष्का कसौधन ने द्वितीय तथा सिद्धार्थ पब्लिक स्कूल थरौली के देव सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं दिव्या कसौधन, लकी त्रिपाठी और राज चौहान को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।

इसी तरह संस्कृत गीत प्रतियोगिता में जय किसान इंटर कॉलेज सकतपुर सनई की पुष्पा ने प्रथम, राजा रतन सेन इंटर कॉलेज बांसी की काजल ने द्वितीय तथा किसान इंटर कॉलेज उसका बाजार की सुभद्रा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सृष्टि यादव, काजल और सृष्टि गुप्ता को सांत्वना पुरस्कार मिला।

निर्णायक मंडल में बुद्ध विद्या पीठ पीजी कॉलेज के प्रो. डॉ. भारत भूषण द्विवेदी, सिद्धार्थ विश्वविद्यालय कपिलवस्तु के संस्कृत विभाग के प्रभारी विभागाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र कुमार, श्री वीरा बाबा नेताजी सुभाष चंद्र बोस संस्कृत माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य बृजेश कुमार पांडेय तथा सिद्धार्थ विश्वविद्यालय की सहायक आचार्य डॉ. आभा द्विवेदी शामिल रहीं।

आयोजक डॉ. सीमा मिश्रा ने विजेता प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया और उनका उत्साहवर्धन किया। साथ ही निर्णायक मंडल के सदस्यों को अंगवस्त्र एवं प्रमाणपत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।

रिपोर्ट- जाकिर खान

Also Read: लखनऊ में नाबालिग भाई ने कराई सतीश यादव की हत्या, सोते समय चाकू-सरिया से किया हमला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.