सपा कार्यालय में मनाई गई संत गाडगे जयंती: अखिलेश बोले- घोटाले और भ्रष्टाचार का पर्याय बनी सरकार
Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने स्वच्छता के प्रणेता संत गाडगे महाराज की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए समाज के लिए उनके योगदान को याद किया। इस मौके पर लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय सहित प्रदेश के सभी जनपदों में सादगी के साथ कार्यक्रम आयोजित किए गए। अखिलेश यादव की ओर से राष्ट्रीय सचिव राजेंद्र चौधरी ने संत गाडगे के चित्र पर माल्यार्पण किया।
संत गाडगे सामाजिक समरसता के प्रतीक
अखिलेश यादव ने अपने संदेश में कहा कि संत गाडगे महाराज ने अपना पूरा जीवन पिछड़ों, दलितों और पीड़ितों की सेवा में समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा संत गाडगे ने विद्यालयों और अनाथालयों की स्थापना की और हाथ में झाड़ू लेकर समाज को स्वच्छता का पाठ पढ़ाया। वे अपने कीर्तनों के माध्यम से अंधविश्वास पर चोट करते थे और ‘दरिद्र नारायण’ की सेवा को ही असली मानव सेवा मानते थे।

भ्रष्टाचार और बदहाल सड़कों पर सरकार को घेरा
जयंती कार्यक्रम के बाद अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में विकास का एक भी काम नहीं हुआ है। उन्होंने कुछ प्रमुख मुद्दे उठाए।
अखिलेश ने आरोप लगाया कि कोंच में 23 लाख और महोबा में 35 लाख की लागत से बनी सड़कें बनने के दो महीने बाद ही उखड़ने लगी हैं। उन्होंने कहा कि “गड्ढा मुक्त” के नाम पर केवल बजट के वारे-न्यारे हुए हैं। पानी की टंकियों का गिरना और घटिया निर्माण यह साबित करता है कि सरकार भ्रष्टाचार में डूबी है। नौजवानों को नौकरी नहीं मिल रही है और हक मांगने पर उन पर लाठियां बरसाई जा रही हैं।

‘वोटर लिस्ट से नाम काटने की साजिश’
सपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। ज्ञापन में कहा गया कि फर्रुखाबाद, बहराइच और गाजीपुर जैसे जिलों में भाजपा पदाधिकारियों द्वारा बड़ी संख्या में फॉर्म-7 भरकर सपा समर्थकों, विशेषकर मुस्लिम और PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) मतदाताओं के नाम कटवाने की साजिश रची जा रही है। कई जगहों पर शिकायत मिली है कि आवेदकों के बिना जानकारी के उनके फर्जी हस्ताक्षर कर नाम काटने के आवेदन दिए गए हैं। गोरखपुर में करीब 500 मतदाताओं का पोलिंग बूथ 10 किलोमीटर दूर कर दिया गया है, जो चुनाव आयोग के नियमों का उल्लंघन है।
2027 का इंतजार कर रही जनता
अखिलेश यादव ने दावा किया कि भाजपा राज में कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है और हिरासत में मौतों के मामले में यूपी नंबर एक पर है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता महंगाई और बेरोजगारी से त्रस्त है और 2027 के विधानसभा चुनाव में इस सरकार को सत्ता से हटाने का बेसब्री से इंतजार कर रही है।
Also Read: कुशीनगर का लाल शहीद: बारामूला में तैनात कैप्टन अमन सिंह का सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार

