यूपी में संत कबीर वस्त्र एवं परिधान पार्क की शुरुआत, मिलेगा लाखों को रोजगार

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के हथकरघा और वस्त्र उद्योग को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा फैसला लिया है। प्रदेश के कई जिलों में वस्त्र एवं परिधान पार्क स्थापित किए जाएंगे। इस योजना को संत कबीर को समर्पित किया गया है, जिनका जीवन श्रम, सादगी और आत्मनिर्भरता का प्रतीक रहा है।

वस्त्र एवं परिधान का वैश्विक बाजार 2030 तक

सीएम योगी ने उच्चस्तरीय बैठक में कहा कि वस्त्र एवं परिधान का वैश्विक बाजार 2030 तक 2.3 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच सकता है और भारत इसमें सबसे तेजी से बढ़ते देशों में शामिल है। ऐसे में यूपी की भागीदारी निर्णायक हो सकती है।

वर्तमान में यूपी देश के शीर्ष निर्यातक राज्यों में शामिल है। 2023-24 में प्रदेश से करीब 3.5 अरब डॉलर का निर्यात हुआ, जो देश के कुल वस्त्र एवं परिधान निर्यात का 9.6% है। यह क्षेत्र प्रदेश की जीडीपी में 1.5% योगदान देता है और 22 लाख लोगों को रोजगार उपलब्ध कराता है।

पार्क न्यूनतम 50 एकड़ में बनेगा

अब तक निवेश सारथी पोर्टल पर इस क्षेत्र से जुड़े 659 प्रस्ताव आए हैं, जिनकी लागत लगभग 15,431 करोड़ रुपये है और इससे 1 लाख से अधिक रोजगार सृजित होने की उम्मीद है। हर पार्क न्यूनतम 50 एकड़ में बनेगा और इनमें कॉमन एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट, पैकेजिंग, वेयरहाउस जैसी सुविधाएं होंगी।

सीएम ने पॉवरलूम बुनकरों को सौर ऊर्जा से जोड़ने और उनकी आय बढ़ाने के निर्देश भी दिए। उनका कहना है कि संत कबीर वस्त्र एवं परिधान पार्क योजना न केवल परंपरा और आधुनिकता का संगम होगी बल्कि निवेश और रोजगार के नए अवसर भी खोलेगी।

Also Read: पाकिस्तान में जैश-ए-मोहम्मद के टॉप कमांडर ने कबूला, ऑपरेशन सिंदूर में मसूद अज़हर का परिवार खत्म हो गया

Get real time updates directly on you device, subscribe now.