15 अगस्त को अयोध्या में होगा सर्व वैश्य वैवाहिक सम्मेलन, तैयारियों को लेकर कुमारगंज में हुई अहम बैठक

Sandesh Wahak Digital Desk: अयोध्या जिले में वैश्य समाज को एकजुट करने और सामाजिक बदलाव की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए 15 अगस्त को अयोध्या के तुलसी भवन में सर्व वैश्य वैवाहिक परिचय सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इसी सिलसिले में कुमारगंज में मंगलवार को समाज के प्रमुख लोगों की एक बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता जाने-माने समाजसेवी भागीरथ पचेरीवाला ने की।

बैठक में वैश्य समाज की विभिन्न उपजातियों जैसे अग्रवाल, अग्रहरि, सोनी, मोदनवाल, रस्तोगी, साहू, जायसवाल, गुप्ता, चौरसिया, मद्धेशिया, कसौधन, कौशल आदि के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया और सम्मेलन को सफल बनाने के लिए रणनीति पर चर्चा की।

गोत्र विवाह पर उठे सवाल, समान शिक्षा वाले जीवनसाथी को प्राथमिकता

बैठक को संबोधित करते हुए भागीरथ पचेरीवाला ने गोत्र विवाह पर चिंता जताई और इसे धार्मिक और सामाजिक रूप से अनुचित बताते हुए खत्म करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आज समाज को ऐसी बुराइयों से मुक्त कर, समान शिक्षा और योग्यताओं पर आधारित वैवाहिक संबंधों को बढ़ावा देने की ज़रूरत है। उन्होंने कहा, “हम चाहते हैं कि डॉक्टर को डॉक्टर, इंजीनियर को इंजीनियर और सीए को सीए जीवनसाथी मिले, ताकि परिवारों में समझ और तालमेल बेहतर हो।”

2,000 से अधिक लोगों के जुटने की उम्मीद

पचेरीवाला ने बताया कि सम्मेलन में उत्तर प्रदेश भर से वैश्य समाज के 1,500 से 2,000 लोग हिस्सा लेंगे। उन्होंने प्रदेश की 38 उपजातियों से संपर्क साधा है और सभी से सम्मेलन में भाग लेने की अपील की है। उनका कहना है कि यह सम्मेलन सिर्फ जीवनसाथी चुनने का मंच नहीं, बल्कि वैश्य समाज की एकता और सामाजिक सुधार की दिशा में एक नई शुरुआत है।

समाज के नेताओं का मिला भरपूर समर्थन

बैठक में व्यापारी नेता बैजनाथ वैश्य ने इस पहल की सराहना करते हुए भागीरथ पचेरीवाला को “पूर्वांचल का गांधी” बताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन समाज को एकजुट करने के साथ-साथ कुरीतियों के खिलाफ आवाज भी बनेगा।

शिक्षा और सामाजिक चेतना को मिलेगा बल

सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य समाज में शिक्षा और जागरूकता के आधार पर विवाह संबंध स्थापित करना और गोत्र विवाह जैसी परंपराओं से बाहर निकलने का मार्ग प्रशस्त करना है।

बैठक में आनंद अग्रहरि, अरविंद मोदनवाल, अजय मोदनवाल, कुलभूषण साहू, कृष्ण कुमार कौशल, विनय गुप्ता, गया प्रसाद अग्रहरि, दिनेश कौशल जैसे कई गणमान्य लोग मौजूद रहे और सभी ने कार्यक्रम की सफलता के लिए सक्रिय सहयोग का आश्वासन दिया। भागीरथ पचेरीवाला ने वैश्य समाज के सभी परिजनों से अपील की कि वे अपने विवाह योग्य बच्चों के साथ इस परिचय सम्मेलन में शामिल होकर समाज को एक नई दिशा देने में सहयोग करें।

 

Also Read: Lucknow: बैंक लॉकर लूट कांड में पीड़ितों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद, थाने में जेवरों के एल्बम लेकर पहुंचे लोग

Get real time updates directly on you device, subscribe now.