Satya Niketan Incident: फरार बिल्डिंग मालिक हरिराम गुप्ता भिवाड़ी से गिरफ्तार, MCD के 5 अधिकारी सस्पेंड
Delhi News: दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन में पांच मंजिला PG इमारत ढहने के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे बिल्डिंग मालिक हरिराम गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने उसे राजस्थान के भिवाड़ी से पकड़ा। हादसे के बाद उसकी तलाश में दिल्ली, हरियाणा और आसपास के इलाकों में दबिश दी जा रही थी।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर हादसे से जुड़े कानूनी और तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है।
इमारत गिरने की घटना के बाद दिल्ली नगर निगम ने भी कार्रवाई की है। MCD ने दक्षिण जोन के डिप्टी कमिश्नर समेत पांच वरिष्ठ अधिकारियों और इंजीनियरों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
निलंबित अधिकारियों में डिप्टी कमिश्नर राकेश कुमार, सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर रणवीर सिंह, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर ललित कुमार गोयल, असिस्टेंट इंजीनियर सुनील चौहान और जूनियर इंजीनियर आशीष कुमार शामिल हैं।
MCD के विजिलेंस विभाग की ओर से 7 सितंबर को जारी आदेशों के मुताबिक, अधिकारियों पर DMC Services (Control & Appeal) Regulations, 1959 के Regulation 5(2) के तहत कार्रवाई की गई है।

आदेशों में संबंधित अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही लंबित होने की बात कही गई है।
7 लोगों की हुई मौत
सत्य निकेतन इलाके में रविवार दोपहर करीब एक बजे करीब 30 साल पुरानी पांच मंजिला PG इमारत अचानक ढह गई थी।
हादसे में 7 लोगों की मौत हुई, जिनमें 6 छात्र और एक मजदूर शामिल बताया गया है। राहत-बचाव अभियान के दौरान 12 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
हादसे के बाद पुलिस ने मकान मालिक को पकड़ने के लिए 10 टीमें गठित की थीं। इनमें स्थानीय पुलिस, स्पेशल स्टाफ और ऑपरेशन यूनिट के जवान शामिल थे।
टीमों की निगरानी एडिशनल DCP स्तर के अधिकारियों को सौंपी गई थी।
हरिराम गुप्ता की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस इमारत के निर्माण, उसकी स्थिति और हादसे से पहले की गतिविधियों से जुड़े पहलुओं की जांच करेगी।
Also Read: साल में मिलेगा 3 फ्री LPG सिलेंडर, खाते में आएंगे ₹3000; जानें पूरी योजना

