सत्यपाल मलिक की हालत नाज़ुक, अस्पताल के बेड से साझा की तस्वीर

Sandesh Wahak Digital Desk: जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक की तबीयत अचानक बिगड़ गई है और वह अस्पताल में भर्ती हैं। इस बात की जानकारी खुद उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) के माध्यम से दी है। उन्होंने अस्पताल के बेड से अपनी एक तस्वीर साझा की है, जिससे उनकी स्थिति की गंभीरता का अंदाज़ा लगाया जा सकता है।

सत्यपाल मलिक ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा- नमस्कार साथियों, मेरे बहुत से शुभचिंतकों के कॉल आ रहे हैं जिन्हें मैं इस वक्त रिसीव नहीं कर पा रहा हूं। मेरी तबीयत काफी खराब है और मैं इस समय अस्पताल में भर्ती हूं। किसी से भी बात करने की स्थिति में नहीं हूं। गौरतलब है कि उनकी यह पोस्ट ऐसे समय सामने आई है जब सीबीआई ने उनके खिलाफ कीरु हाइड्रो प्रोजेक्ट में कथित भ्रष्टाचार को लेकर चार्जशीट दाखिल की है।

CBI की चार्जशीट के बीच अस्पताल में भर्ती

गुरुवार, 22 मई को केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने सत्यपाल मलिक और पांच अन्य लोगों के खिलाफ कीरु हाइड्रोइलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट से संबंधित भ्रष्टाचार मामले में चार्जशीट दाखिल की। इससे पहले फरवरी 2025 में इस मामले में देशभर के लगभग 30 स्थानों पर छापेमारी की गई थी।

पुलवामा हमले पर दिए गए बयान से चर्चा में आए थे मलिक

गौरतलब है कि सत्यपाल मलिक पहले भी अपने बेबाक बयानों को लेकर सुर्खियों में रहे हैं। उन्होंने वर्ष 2019 में हुए पुलवामा आतंकी हमले को लेकर केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा था कि अगर सेना को हेलिकॉप्टर मुहैया कराए जाते तो शहीदों की जान बचाई जा सकती थी। इसके अलावा उन्होंने 2020-21 के किसान आंदोलन का भी समर्थन किया था और केंद्र सरकार की नीतियों की तीखी आलोचना की थी। सत्यपाल मलिक हमेशा से ही सरकार के फैसलों पर अपनी बेबाक राय रखने के लिए जाने जाते रहे हैं।

Also Read: कोर्ट ने ज्योति मल्होत्रा को चार दिन की पुलिस रिमांड में भेजा, सामने आएंगे गहरे राज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.