सऊदी अरब के ‘स्लीपिंग प्रिंस’ का निधन, 20 साल से कोमा में थे

Sandesh Wahak Digital Desk: सऊदी अरब के शाही परिवार से दुखद खबर सामने आई है। लगभग दो दशक से कोमा में रहे और ‘स्लीपिंग प्रिंस’ के नाम से मशहूर प्रिंस अल-वलीद बिन खालिद बिन तलाल अल सऊद का 36 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। उनके परिवार ने रविवार को उनके निधन की पुष्टि की।

परिवार ने जताया शोक

प्रिंस अल-वलीद के पिता, प्रिंस खालिद बिन तलाल बिन अब्दुल अजीज, ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए बेटे के निधन की जानकारी दी। उन्होंने लिखा, अल्लाह के हुक्म, नियति में पूर्ण विश्वास और गहरे दुःख के साथ, हम अपने प्यारे बेटे प्रिंस अल-वलीद बिन खालिद बिन तलाल बिन अब्दुल अजीज अल सऊद के निधन पर शोक व्यक्त करते हैं। अल्लाह उन पर रहम करे। परिवार ने घोषणा की है कि रविवार को रियाद स्थित इमाम तुर्की बिन अब्दुल्ला मस्जिद में असर की नमाज़ के बाद उनकी अंतिम संस्कार की नमाज़ अदा की जाएगी।

15 साल की उम्र में हादसे का शिकार हुए थे प्रिंस

प्रिंस अल-वलीद को साल 2005 में एक भयानक कार एक्सीडेंट के बाद कोमा में चले गए थे। हादसे के वक्त उनकी उम्र महज़ 15 साल थी। इस दुर्घटना के कारण उन्हें ब्रेन हेमरेज हुआ, जिसके बाद उन्हें सऊदी अरब वापस लाया गया और रियाद के किंग अब्दुल अजीज मेडिकल सिटी में भर्ती कराया गया। अमेरिका और स्पेन के विशेषज्ञों से इलाज सहित व्यापक चिकित्सकीय प्रयासों के बावजूद, प्रिंस पूरी तरह से होश में नहीं आ सके। वह करीब 20 वर्षों तक वेजिटेटिव स्टेट में रहे और इस दौरान वेंटिलेटर और लाइफ सपोर्ट पर निर्भर थे।

प्रिंस अल-वलीद के पिता, प्रिंस खालिद बिन तलाल, अपने बेटे को जीवित रखने के फैसले पर अटूट रहे। उन्होंने लाइफ सपोर्ट सिस्टम हटाने के सुझाव को भी अस्वीकार कर दिया था। इन वर्षों तक अपने बेटे के बिस्तर के पास पिता की लगातार मौजूदगी ने लोगों के साथ एक गहरा भावनात्मक जुड़ाव पैदा किया था, और यही वजह है कि प्रिंस अल-वलीद को ‘स्लीपिंग प्रिंस’ के नाम से जाना जाने लगा। अप्रैल 1990 में जन्मे प्रिंस अल-वलीद, सऊदी शाही परिवार के एक प्रमुख सदस्य, प्रिंस खालिद बिन तलाल के सबसे बड़े बेटे थे।

Also Read: Agra News: अभय की हत्या से हड़कंप, अपहरण के बाद राजस्थान में मिला शव, गुस्साए परिजनों ने लगाया जाम

Get real time updates directly on you device, subscribe now.