दिल्ली में क्लासरूम निर्माण में घोटाला, मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन को ACB का समन

Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन एक बार फिर भ्रष्टाचार के आरोपों के घेरे में हैं। सरकारी स्कूलों में क्लासरूम निर्माण को लेकर हुए कथित 2000 करोड़ रुपये के घोटाले की जांच कर रही भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (ACB) ने दोनों नेताओं को पूछताछ के लिए समन जारी किया है। सत्येंद्र जैन को 6 और मनीष सिसोदिया को 9 जून को एसीबी के सामने पेश होने को कहा गया है।

क्या है मामला

यह मामला दिल्ली के सरकारी स्कूलों में 12,748 क्लासरूम्स के निर्माण से जुड़ा है। आरोप है कि इस निर्माण कार्य में भारी वित्तीय अनियमितताएं हुईं। ACB की जांच के अनुसार- क्लासरूम निर्माण की लागत को अनावश्यक रूप से बढ़ा दिया गया। बनाए गए ढांचे अस्थायी (सेमी-पर्मानेंट) थे, लेकिन भुगतान स्थायी निर्माण के तौर पर किया गया। निर्माण का ठेका उन कंपनियों को मिला, जिनके तार कथित तौर पर आम आदमी पार्टी से जुड़े थे। इस मामले में ACB ने 30 अप्रैल को मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन के खिलाफ FIR दर्ज की थी।

मनीष सिसोदिया पहले भी घोटालों में घिरे

यह पहला मौका नहीं है जब मनीष सिसोदिया पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे हों। इससे पहले उनका नाम दिल्ली शराब नीति घोटाले में भी सामने आया था। उन पर शराब नीति में बदलाव कर कुछ ठेकेदारों को फायदा पहुंचाने का आरोप था, जिसके चलते उन्हें मनी लॉन्ड्रिंग के केस में गिरफ़्तार भी किया गया था। उसी दौरान उन्होंने उपमुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। हालांकि, सिसोदिया इन आरोपों को राजनीतिक साजिश बता चुके हैं।

Also Read: हेमा मालिनी पर शंकराचार्य का विवादित बयान, बांके बिहारी कॉरिडोर को लेकर जताई नाराज़गी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.