मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना में घोटाला, फिरोजाबाद में बैंक और उद्योग विभाग के 6 लोगों पर FIR दर्ज

Sandesh Wahak Digital Desk: फिरोजाबाद में मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत लाभार्थियों को मिलने वाली सब्सिडी में बड़ा घोटाला सामने आया है। इसमें बैंक और उद्योग विभाग के अधिकारियों ने मिलीभगत करके करीब ₹71 लाख की सब्सिडी फर्जी बैंक खातों में ट्रांसफर कर दी। इस मामले में पुलिस ने यूको बैंक के दो अधिकारियों, दो रिकवरी एजेंट और उद्योग विभाग के दो कर्मचारियों सहित कुल छह लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है।

कैसे हुआ घोटाला?

यह मामला तब सामने आया जब जिला प्रशासन की जांच में पाया गया कि उद्योग विभाग और बैंक अधिकारियों ने मिलकर फर्जी दस्तावेज तैयार किए और लाभार्थियों के लिए स्वीकृत सब्सिडी को गलत खातों में ट्रांसफर कर दिया। यह सुनियोजित धोखाधड़ी थी, जिसके बाद जिलाधिकारी रमेश रंजन ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

सहायक आयुक्त उद्योग गणेश चंद्र ने इस मामले में थाना उत्तर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया।

इन लोगों पर हुई FIR

पुलिस ने धोखाधड़ी और फर्जीवाड़े की धाराओं के तहत निम्नलिखित लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है:

  • धीरेंद्र प्रताप सिंह (तत्कालीन फील्ड ऑफिसर, यूको बैंक)
  • प्रवेंद्र कुमार (तत्कालीन शाखा प्रबंधक, यूको बैंक)
  • सौरभ गुप्ता (बैंक रिकवरी एजेंट)
  • दीपांशु तिवारी (सौरभ गुप्ता का साथी)
  • राजेश कुमार सक्सेना (उद्योग विभाग से सेवानिवृत्त प्रधान सहायक)
  • राजेश कुमार (एक अन्य प्राइवेट कर्मचारी)

थाना प्रभारी संजुल पांडेय ने बताया कि सौरभ गुप्ता और दीपांशु तिवारी जैसे रिकवरी एजेंट शहर की अन्य बैंक शाखाओं में भी सक्रिय थे और सरकारी योजनाओं के तहत ऋण स्वीकृत कराने के एवज में आवेदकों से मोटी रकम वसूलते थे।

Also Read: PM Modi Varanasi Visit: पीएम मोदी आज मॉरीशस के प्रधानमंत्री से करेंगे द्विपक्षीय वार्ता

Get real time updates directly on you device, subscribe now.