Shahjahanpur News: SDM ने कान पकड़कर लगाई उठक-बैठक, विवाद सुलझाने का अनोखा तरीका वायरल
Shahjahanpur News: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले से एक अनोखी और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहाँ पुवायां तहसील में चल रहे एक बवाल को शांत कराने के लिए नए एसडीएम (SDM) साहब ने मंच पर सबके सामने कान पकड़कर उठक-बैठक लगाई। एसडीएम की इस ‘विनम्र पहल’ का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है और इस पर सभी अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएँ दे रहे हैं।
यह मामला शाहजहांपुर जिले की पुवायां तहसील का है, जहाँ पिछले तीन दिनों से वकील आंदोलन कर रहे थे। दरअसल, EWS सर्टिफिकेट को लेकर एसडीएम और तहसीलदार के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था, जिसके कारण मामला लगातार गरमाता जा रहा था। इसी वजह से डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने पुवायां एसडीएम चित्रा निर्वाल को हटाकर नवागत ट्रेनी IAS रिंकू सिंह को एसडीएम पद पर तैनात किया था।
नए SDM और एक वकील के बीच बढ़ा विवाद
अपनी जॉइनिंग के बाद नवागत एसडीएम रिंकू सिंह धरना स्थल पर जा रहे थे। तभी उन्हें एक वकील दीवार पर पेशाब करते हुए दिखाई दिए। इस दौरान वह रुके और अधिवक्ता से ऐसा न करने को कहा और आपत्ति जताई। इस बात पर मामला और बिगड़ गया। अधिवक्ता ने तहसील परिसर के शौचालय में गंदगी का हवाला दिया और कहा कि वह गंदगी में पेशाब करने नहीं जा सकते हैं, क्योंकि वह एक जनेऊधारी ब्राह्मण हैं। इस बात से वकीलों में और रोष बढ़ गया।
मंच पर लगाई उठक-बैठक, गुस्सा हुआ शांत
बढ़ते तनाव के बीच, नवागत एसडीएम और ट्रेनी IAS रिंकू सिंह वकीलों के बीच पहुँचे और सभी से मामला शांत करने की अपील की। जब वकीलों का गुस्सा लगातार बढ़ता गया, तो इसके बाद वह मंच पर खड़े हुए और उन्होंने कहा कि इस तहसील का मैं सबसे बड़ा अधिकारी हूँ, अगर मेरी बातों से किसी को ठेस पहुँची हो तो मैं आप सभी से माफी मांगता हूँ। इसके बाद उन्होंने खुद कान पकड़े और 5 उठक-बैठक लगाईं। एसडीएम की इस विनम्र अपील के बाद वकीलों का गुस्सा शांत हो गया। हालाँकि, एसडीएम के इस कदम पर मिश्रित प्रतिक्रियाएँ आ रही हैं, पर रिंकू सिंह का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है।
Also Read: सपा नेता ने जड़ा मौलाना साजिद रशीदी को थप्पड़, डिंपल यादव पर अभद्र टिप्पणी से जुड़ा है मामला

