Muzaffarnagar: एसडीएम सदर पर भूमाफिया से साठगांठ का आरोप, कैबिनेट मंत्री ने शासन को भेजा पत्र

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की राजनीति और प्रशासन में एक बार फिर भ्रष्टाचार और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका को लेकर गरमाहट बढ़ गई है। प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री और रालोद विधायक अनिल कुमार ने मुजफ्फरनगर एसडीएम सदर निकिता शर्मा के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए शासन को पत्र भेजा है। उनका कहना है कि एसडीएम सदर की भूमाफियाओं से मिलीभगत है और वह अवैध प्लॉटिंग को बढ़ावा दे रही हैं।

कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने पत्र में आरोप लगाया है कि मुजफ्फरनगर एसडीएम सदर भूमाफियाओं के साथ मिलकर जमीनों की अवैध प्लॉटिंग करा रही हैं, जो सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति का खुला उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई ज़रूरी है। शिकायत के बाद शासन के उपसचिव द्वारा जिलाधिकारी उमेश मिश्रा को पत्र भेजकर जांच रिपोर्ट तलब की गई है। मामले की प्राथमिक जांच जिला स्तर पर शुरू हो चुकी है और रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी।

SDM Nikita Sharma

पहले भी हुई थी शिकायतें

इससे पहले सपा सांसद हरेंद्र मलिक ने भी एसडीएम निकिता शर्मा के खिलाफ पत्र लिखा था। उन्होंने आरोप लगाया था कि एसडीएम जनता से जुड़ी कॉल्स रिसीव नहीं करतीं, जिससे जनप्रतिनिधियों को भी काम में दिक्कत होती है। उनका पत्र भी काफी चर्चा में रहा था।

प्रशासन पर लगातार लग रहे सवाल

कुछ दिन पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान ने भी पुलिस पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। शाहपुर थाने के अंतर्गत हरसौली चौकी क्षेत्र में रिश्वतखोरी को लेकर भी कार्रवाई हुई थी। अब प्रशासनिक अधिकारियों पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं, जिससे जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिन्ह लग रहे हैं।

अनिल कुमार ने कहा, जो अधिकारी भ्रष्टाचार को बढ़ावा देंगे, उन्हें सरकार में जगह नहीं मिलेगी। जनता की समस्याएं प्राथमिकता पर हल होनी चाहिए। वहीं मुजफ्फरनगर एसडीएम निकिता शर्मा ने इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, मेरे संज्ञान में कोई पत्र नहीं है। जनवरी से इस प्रकार की बातें कही जा रही हैं, लेकिन अब तक इस संबंध में मुझसे कोई बात नहीं की गई।

Also Read: Kushinagar: एंबुलेंस और ट्रैक्टर-ट्रॉली की जोरदार टक्कर, पांच घायल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.