डीमैट खाते में रखे म्यूचुअल फंड यूनिट्स पर भी मिलेगी SWP और STP की सुविधा, सेबी ने किया ऐलान

Mutual Funds News : डीमैट खाते में म्यूचुअल फंड यूनिट रखने वाले निवेशकों को जल्द ही सिस्टमैटिक विड्रॉल प्लान (SWP) और सिस्टमैटिक ट्रांसफर प्लान (STP) की सुविधा मिलने लगेगी। बाजार नियामक सेबी ने शुक्रवार को घोषणा की कि अब डीमैट खाते में मौजूद म्यूचुअल फंड यूनिट्स के लिए भी ये दोनों सिस्टमैटिक ट्रांजेक्शन विकल्प उपलब्ध कराए जाएंगे। अभी तक यह सुविधा केवल स्टेटमेंट ऑफ अकाउंट (SOA) के रूप में रखी गई यूनिट्स के लिए ही उपलब्ध थी।

सेबी के अनुसार, इस व्यवस्था को दो चरणों में लागू किया जाएगा। पहला चरण 31 जनवरी 2027 तक शुरू होगा, जिसमें निवेशक यूनिट आधारित SWP और STP मैंडेट के लिए पंजीकरण करा सकेंगे।

इसके तहत तय अवधि के अनुसार निश्चित संख्या में यूनिट्स को रिडीम या ट्रांसफर किया जाएगा। इसके बाद दूसरे चरण में, 30 अप्रैल 2027 तक रकम आधारित SWP और STP की सुविधा भी शुरू की जाएगी।

डिपॉजिटरीज को दिए निर्देश, निवेशकों को होगा फायदा

सेबी ने सभी डिपॉजिटरीज को 31 अक्टूबर 2026 तक आपसी समन्वय से परिचालन व्यवस्था तैयार करने और सिस्टम में जरूरी बदलाव करने के निर्देश दिए हैं।

यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब ऑनलाइन म्यूचुअल फंड वितरक बड़ी संख्या में निवेशकों को स्टेटमेंट ऑफ अकाउंट से डीमैट होल्डिंग की ओर स्थानांतरित कर रहे हैं।

देश के सबसे बड़े म्यूचुअल फंड वितरक ग्रो ने भी पिछले साल इस बदलाव की घोषणा की थी। डीमैट होल्डिंग बढ़ने के कारण निवेशक अब तक ऑटोमेटेड SWP और STP जैसी सुविधाओं का लाभ नहीं ले पा रहे थे।

SWP के जरिए निवेशक अपने निवेश से तय अंतराल पर निश्चित राशि या यूनिट्स निकाल सकते हैं, जबकि STP की मदद से एक म्यूचुअल फंड स्कीम से दूसरी स्कीम में व्यवस्थित तरीके से निवेश ट्रांसफर किया जा सकता है।

आमतौर पर इसका इस्तेमाल डेट फंड से इक्विटी फंड में निवेश स्थानांतरित करने के लिए किया जाता है। सेबी ने सबसे पहले 5 फरवरी 2026 को जारी अपने परामर्श पत्र में इस प्रस्ताव को रखा था।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.