Bareilly News: किसानों को नो बारदाना का बहाना, व्यापारियों को चोरी-छिपे सरकारी बोरे सप्लाई, भाकियू भड़की
Bareilly News: अलीगंज गेहूं क्रय केंद्र पर भ्रष्टाचार और धांधली का एक बड़ा फर्जीवाड़ा उजागर हुआ है। केंद्र पर अपने गेहूं की तौल कराने आ रहे स्थानीय किसानों को बारदाना (बोरे) न होने का बहाना बनाकर लगातार लौटाया जा रहा था, जबकि वही सरकारी बारदाना मोटी साठगांठ के तहत खुलेआम व्यापारियों को सौंपा जा रहा था। मझगवां ब्लॉक के रूपनगला गांव में शुक्रवार को जागरूक किसानों ने इलियास नाम के एक स्थानीय व्यापारी को सरकारी बोरों में अवैध रूप से गेहूं भरते हुए रंगे हाथों दबोच लिया। किसानों ने मौके पर ही इस पूरी करतूत का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
अफसरों के आने से पहले गाड़ी लेकर भागा व्यापारी
इस गंभीर धांधली की सूचना भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के तहसील अध्यक्ष महाराज सिंह यादव ने तुरंत एसडीएम आंवला को दी। एसडीएम के निर्देश पर आनन-फानन में प्रशासनिक टीम जांच के लिए मौके पर रवाना हुई। हालांकि, अधिकारियों के पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी व्यापारी गेहूं से लदी गाड़ी लेकर मौके से रफूचक्कर हो गया। इसके बावजूद मौके पर पहुंचे लेखपाल देवकीनंदन ने मुस्तैदी दिखाते हुए छापेमारी की और घटनास्थल से भारी मात्रा में सरकारी बारदाना बरामद कर अपने कब्जे में ले लिया।
कार्रवाई नहीं हुई तो भाकियू करेगी बड़ा आंदोलन
सरकारी बारदाने के इस काले खेल को लेकर किसानों और भाकियू कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश है। किसान नेताओं ने साफ लहजे में चेतावनी दी है कि किसानों के हक पर डाका डालने वाले क्रय केंद्र प्रभारी और भ्रष्ट व्यापारी इलियास के खिलाफ अगर तुरंत एफआईआर दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई नहीं की गई, तो संगठन प्रशासन के खिलाफ एक बड़ा और उग्र आंदोलन शुरू करने को मजबूर होगा। फिलहाल, प्रशासन ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया
Also Read: Lucknow News: पीजीआई इलाके में प्रॉपर्टी डीलर पर ताबड़तोड़ फायरिंग, हालत नाजुक

