Jammu and Kashmir में सुरक्षाबलों को दो बड़ी कामयाबी, घुसपैठ की कोशिश नाकाम, मददगार गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: जम्मू कश्मीर (Jammu and Kashmir) के राजौरी जिले में सुरक्षाबलों को दो बड़ी सफलता मिली हैं। एक तरफ सेना ने सुंदरबनी क्षेत्र में एलओसी पर आतंकी घुसपैठ की कोशिश को नाकाम किया, तो दूसरी ओर राजौरी पुलिस ने 54 राष्ट्रीय राइफल्स रोमियो फोर्स के साथ संयुक्त अभियान चलाकर एक आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में आतंकियों के एक मददगार को गिरफ्तार किया गया है।

LOC पर घुसपैठ की कोशिश नाकाम

दरअसल 19 फरवरी को खुफिया इनपुट और लगातार निगरानी के आधार पर Jammu and Kashmir के नथुआ टिब्बा इलाके में आतंकियों की संदिग्ध गतिविधियां देखी गईं। सूचना मिलते ही सेना की सतर्क टुकड़ियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जवाबी फायरिंग की। सेना की तेज और सटीक कार्रवाई के चलते आतंकियों की घुसपैठ की कोशिश पूरी तरह विफल हो गई।

फिलहाल इलाके में तलाशी और निगरानी अभियान जारी है। सेना के अनुसार स्थिति को देखते हुए जवानों को रणनीतिक रूप से पुनः तैनात किया गया है ताकि पूरे क्षेत्र पर कड़ी नजर रखी जा सके। सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे सेक्टर में हाई लेवल का ऑपरेशनल अलर्ट जारी रखा है।

आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़

वहीं दूसरी ओर Jammu and Kashmir के राजौरी पुलिस ने 54 राष्ट्रीय राइफल्स के साथ संयुक्त अभियान चलाते हुए एक आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। इस दौरान आतंकियों के मददगार सचिन कुमार उर्फ पम्मा पुत्र सीजॉय कुमार को गिरफ्तार किया गया, जो नौशेरा के सेहर का निवासी है। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई विशेष खुफिया सूचना के आधार पर तेज और सुनियोजित तरीके से की गई।

हथियार और गोला बारूद बरामद

वहीं इस ऑपरेशन के दौरान आरोपी की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से हथियार और गोला बारूद बरामद किए गए। उसके पास से एक TISAS ZIGANA 9 मिमी पिस्टल, तीन मैगजीन, एक 30 बोर TT 30 नोरिन्को पिस्टल, उसकी एक मैगजीन और 15 कारतूस बरामद हुए हैं। बरामद हथियारों के विदेशी निर्माण के होने के कारण सुरक्षा एजेंसियां इस मामले को गंभीरता से ले रही हैं। इस संबंध में नौशेरा थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है।

सीमा पार संपर्क की जांच जारी

फिलहाल शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी पाकिस्तान स्थित सीमा पार नार्को टेरर ऑपरेटिव के सीधे संपर्क में था। सुरक्षा एजेंसियां अब उसके नेटवर्क और संभावित साजिश के अन्य पहलुओं की गहराई से जांच कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में शांति भंग करने की किसी भी साजिश को नाकाम करने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

 

Also Read: अब बाकी 23 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में भी SIR की तैयारी तेज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.