अमेठी में दीपावली से पहले सुरक्षा कड़ी, तीन पटाखा विक्रेताओं के लाइसेंस रद्द
Amethi News: उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में दीपावली के त्योहार को सुरक्षित और शांतिपूर्ण बनाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। विस्फोटक अधिनियम के तहत निर्धारित अर्हता और सुरक्षा मानकों का पालन न करने वाले तीन आतिशबाजी अनुज्ञप्तिधारकों के लाइसेंस जिलाधिकारी संजय चौहान द्वारा निरस्त कर दिए गए हैं। इस कार्रवाई से जिले के पटाखा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
जिला प्रशासन की ओर से शनिवार को जारी प्रेस नोट में बताया गया कि उपजिलाधिकारी एवं पुलिस क्षेत्राधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर तीन लाइसेंसधारकों द्वारा सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया गया। इसके बाद जिलाधिकारी ने उनकी लाइसेंस रद्द कर दी।
निरस्त किए गए अनुज्ञप्तिधारकों में शामिल हैं
- चाँद बाबू, पुत्र अब्दुल लतीफ, निवासी ग्राम राजगढ़, थाना गौरीगंज
- मोहम्मद अख्तर, पुत्र स्व. रमजान, निवासी ग्राम कसथुनी पश्चिम, थाना मुसाफिरखाना
- मो. शमीम, पुत्र बफाती, निवासी ग्राम तिलोई, थाना मोहनगंज
मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए
जिलाधिकारी संजय चौहान ने कहा कि दीपावली पर्व के दृष्टिगत सुरक्षा और शांति बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित उपजिलाधिकारियों और पुलिस क्षेत्राधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले के अन्य वैध पटाखा विक्रेताओं द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिले में किसी भी स्तर पर सुरक्षा से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सभी बिक्री स्थल पर सख्त निगरानी रखी जाएगी। इस कार्रवाई का उद्देश्य नागरिकों की सुरक्षा और त्योहार के दौरान शांति बनाए रखना है।

