VIDEO: छात्रों के बीच हिंसक टकराव, जौनपुर की सड़कों पर दिखी अराजकता
Sandesh Wahak Digital Desk: जौनपुर के सरायख्वाजा थाना क्षेत्र में छात्रों के दो गुटों के बीच कहासुनी के बाद हिंसक झड़प हो गई।
घटना सिद्धीकपुर गांव के पास जौनपुर–शाहगंज मार्ग पर हुई, जहां मामूली विवाद ने देखते ही देखते बड़ा रूप ले लिया। आधा दर्जन से अधिक वाहनों पर सवार छात्र आमने-सामने आ गए और दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव हुआ।
इस दौरान फायरिंग जैसी आवाजें भी सुनी गईं, जो इलाके में लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हुई हैं। वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ युवक मुंह बांधे हुए भागते नजर आ रहे हैं।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा, लेकिन आरोपी एक स्कूटी और एक बाइक छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। सीओ सदर ने मौके का निरीक्षण किया और पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट मांगी है।
खाली कारतूस बरामद
मौके से खाली कारतूस भी बरामद किए गए हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि अभी तक फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई है और प्राथमिक जांच में मामला पथराव और मारपीट तक सीमित नजर आ रहा है। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
रिपोर्ट- दीपक सिंह

