‘घटिया हरकत करके फुटेज चाहिए’, तनुश्री दत्ता पर भड़के सुनील पाल, नाना पाटेकर को बताया ‘धरती पुत्र’
Bollywoood News: कॉमेडियन सुनील पाल ने तनुश्री दत्ता के बयानों पर नाराजगी जताते हुए उन पर पब्लिसिटी पाने के लिए विवाद खड़ा करने का आरोप लगाया है।
उन्होंने नाना पाटेकर का समर्थन करते हुए उन्हें ‘धरती पुत्र’ बताया और लोगों से तनुश्री को मीडिया में तवज्जो नहीं देने की अपील की।
अभिनेत्री तनुश्री दत्ता अपने हालिया बयानों और सोशल मीडिया वीडियो को लेकर चर्चा में हैं। उनके बयानों पर अब कॉमेडियन सुनील पाल ने प्रतिक्रिया दी है।
सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियो में सुनील पाल ने तनुश्री की आलोचना की और नाना पाटेकर के योगदान का जिक्र करते हुए उनका बचाव किया। हालांकि, तनुश्री के बयानों को लेकर सुनील पाल की ओर से लगाए गए आरोप उनकी निजी राय हैं।
‘नाना पाटेकर धरती पुत्र हैं’, सुनील पाल ने किया समर्थन
सुनील पाल ने वीडियो में तनुश्री दत्ता से कहा, “तनुश्री आपका हाथ जोड़कर निवेदन है कि अगर आपका दिमाग काम नहीं कर रहा, तो आराम कीजिए। जहां आप 10 साल गायब रहीं, वहां आराम कीजिए।”

नाना पाटेकर की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि अभिनेता ने किसानों, जवानों और थिएटर के लिए काम किया है।
सुनील पाल ने उन्हें ‘धरती पुत्र’ बताते हुए कहा कि नाना पाटेकर हमेशा साधारण जीवन जीते रहे और दिखावे से दूर रहे।
तनुश्री पर निशाना साधते हुए सुनील पाल ने सवाल किया कि वह इस तरह के बयान देकर क्या हासिल करना चाहती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि तनुश्री पब्लिसिटी पाने के लिए ऐसा कर रही हैं।
‘मीडिया फुटेज मत दीजिए’, लोगों से की अपील
सुनील पाल ने आगे कहा कि तनुश्री के बयानों से लोग नाराज हैं। उन्होंने अभिनेत्री से विवाद को बढ़ावा नहीं देने की अपील की और कहा कि उन्हें मीडिया में तवज्जो नहीं मिलनी चाहिए।
वीडियो में सुनील पाल ने कहा, “सबसे निवेदन है कि इस महिला को फुटेज मत दीजिए। ये पब्लिसिटी और कंट्रोवर्सी के लिए कुछ भी कर रही है।”
उन्होंने तनुश्री के साथ फिल्म ‘आशिक बनाया आपने’ का जिक्र करते हुए भी उन्हें ड्रामा नहीं करने की नसीहत दी।
सुनील पाल का आरोप है कि तनुश्री लाइमलाइट में आने के लिए नाना पाटेकर को निशाना बना रही हैं। इस मामले में तनुश्री दत्ता की प्रतिक्रिया सामने आने पर खबर को अपडेट किया जा सकता है।

