तकनीकी शिक्षा से ही बनेगा आत्मनिर्भर भारत: कपिल देव अग्रवाल
Sandesh Wahak Digital Desk: प्रदेश के कौशल विकास, व्यावसायिक शिक्षा और उद्यमशीलता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने बुधवार को सुलतानपुर स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छात्रों से संवाद करते हुए कहा कि तकनीक और मेहनत को जीवन का आधार बनाकर ही युवा आत्मनिर्भर भारत की नींव मजबूत कर सकते हैं।

मंत्री ने संस्थान में चल रहे “इंडस्ट्रियल रोबोटिक्स और डिजिटल मैन्युफैक्चरिंग टेक्नीशियन” पाठ्यक्रम के तहत प्रशिक्षुओं द्वारा तैयार रोबोटिक आर्म का अवलोकन किया और उनके नवाचार की प्रशंसा की। उन्होंने कहा, “आज का युग तकनीक आधारित शिक्षा का है। अगर हमारे युवा तकनीकी दक्षता से लैस होंगे, तो वे देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं।”

कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने संस्थान में संचालित विभिन्न योजनाओं टी.टी.एल., जी.आई.टी.आई., कौशल विकास मिशन और आई.टी.ओ.टी. से जुड़े छात्र-छात्राओं को भी संबोधित किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि युवाओं को उद्योगों से सीधे जोड़ने की प्रक्रिया और तेज की जाए। टेक्नोलॉजी आधारित ट्रेड्स को प्राथमिकता दी जाए और प्रशिक्षकों के कौशल विकास के लिए समय-समय पर वर्कशॉप आयोजित हों।

मंत्री ने कहा कि योगी सरकार युवाओं को न केवल नौकरी के लिए तैयार कर रही है, बल्कि उन्हें स्वरोजगार के लिए भी प्रेरित कर रही है। उन्होंने प्रशिक्षार्थियों से आह्वान किया कि वे खुद रोजगार पाने तक सीमित न रहें, बल्कि दूसरों को भी रोजगार देने की क्षमता विकसित करें।
अंत में उन्होंने कहा स्थानीय उद्योगों की ज़रूरतों के मुताबिक कोर्स स्ट्रक्चर में बदलाव लाना जरूरी है। तभी शिक्षा और उद्योग का सही तालमेल बन पाएगा और युवाओं को बेहतर भविष्य मिल सकेगा।
Also Read: Lucknow: डीएम विशाख पहुंचे नादरगंज, जल निकासी और जाम की समस्याओं पर लिया जायजा

