GST दरों में कटौती पर संगोष्ठी: विधायक श्यामधनी राही बोले- ऐतिहासिक पहल से खुशहाल होगा जीवन

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जनपद स्थित उसका नगर पंचायत सभागार में सोमवार को ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘NextGenGST’ विषय पर एक संगोष्ठी (सेमिनार) का आयोजन किया गया। इस दौरान भाजपा नेताओं ने जीएसटी (GST) की हालिया दर कटौती को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में एक ऐतिहासिक पहल बताया।

सदर विधायक कपिलवस्तु श्यामधनी राही ने मुख्य रूप से उपस्थित रहकर व्यापारियों और आम लोगों से जीएसटी की घटी दरों के लाभ पर फीडबैक लिया।

आम लोगों को लाभ, व्यापारियों से सहयोग की अपील

विधायक श्यामधनी राही ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश और प्रदेश में आर्थिक सुधारों का एक नया दौर शुरू हुआ है।

उन्होंने दावा किया कि जीएसटी की दरों में कमी समाज के सभी वर्गों के जीवन को खुशहाल बनाने की एक ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने कहा कि जीएसटी की नई दरों से उपभोक्ता वस्तुएं सस्ती होंगी, जिससे आम लोगों को काफी लाभ मिलेगा। विधायक ने व्यापारियों से आग्रह किया कि वे जीएसटी की घटी दरों के बारे में ग्राहकों को पूरी जानकारी दें।

स्वदेशी को बढ़ावा और रोजगार सृजन

इस संगोष्ठी में मुख्य अतिथि के रूप में पधारे जिला प्रभारी महाराजगंज राम जियावन मौर्या ने स्वदेशी अपनाने के महत्व पर जोर दिया। मौर्या ने कहा कि स्वदेशी सामान अपनाने से स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा मिलेगा और कामगारों को समर्थन मिलेगा। इससे आयात पर निर्भरता कम होगी और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने उसका बाजार के व्यापारियों से मिलकर भी जीएसटी के संबंध में संवाद किया।

इस कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष हेमंत जायसवाल, जिला संयोजक दीपक मौर्या सहित व्यापार मंडल के सम्मानित सदस्य और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Also Read: Pratapgarh News: बंद पड़े कॉलेज से 47 लाख के अवैध पटाखे बरामद, प्रिंसिपल समेत 4 गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.