Raipur में एक ही घर से पांच शव मिलने से सनसनी: आत्महत्या या साजिश? जांच में जुटी पुलिस

Raipur Crime News: रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब संजय नगर स्थित एक किराये के मकान से एक ही परिवार के पांच लोगों के शव बरामद हुए। सूचना मिलते ही पुलिस, एफएसएल टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच में मामला सामूहिक आत्महत्या का माना जा रहा है, हालांकि पुलिस हत्या समेत सभी संभावित पहलुओं की भी जांच कर रही है।

मृतकों में 50 वर्षीय साजिद अली, उनकी पत्नी राबिया, 19 वर्षीय बेटा इरशाद अली, 17 वर्षीय बेटी शाहिदा बेगम और 16 वर्षीय इरशाबा परवीन शामिल हैं। पुलिस के अनुसार साजिद अली का शव फंदे से लटका मिला, जबकि पत्नी और तीनों बच्चों के शव कमरे के अंदर पड़े मिले।

शुरुआती जांच में क्या सामने आया?

Raipur पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, आशंका है कि पत्नी और बच्चों ने जहरीला पदार्थ खाया या उन्हें दिया गया, जबकि इसके बाद साजिद अली ने फांसी लगा ली। हालांकि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही साफ हो सकेगी। फिलहाल घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

Raipur Crime News

पुलिस के मुताबिक परिवार करीब आठ महीने पहले संजय नगर के मदनी चौक स्थित मकान में किराये पर रहने आया था। पड़ोसियों ने बताया कि शुक्रवार शाम से घर का दरवाजा नहीं खुला था। शक होने पर लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद घर के अंदर पांचों शव मिले।

आर्थिक तंगी का एंगल भी जांच में

स्थानीय लोगों के अनुसार साजिद अली मौदहापारा इलाके में बैटरी रिपेयरिंग का काम करता था। परिवार पर कुछ कर्ज भी था और रिकवरी एजेंट अक्सर घर आते थे। पड़ोसियों का कहना है कि आर्थिक परेशानियों को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद भी होता था। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि कहीं आर्थिक संकट इस घटना की वजह तो नहीं बना।

टिकरापारा थाना प्रभारी राजेश मराई ने बताया कि फिलहाल मामले की जांच जारी है। एफएसएल टीम मौके से साक्ष्य जुटा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने कहा है कि हत्या, सामूहिक आत्महत्या और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

Also Read: मुर्शिदाबाद में रेल हादसा, पैसेंजर ट्रेन से टकराई स्कूल वैन, दो छात्रों की मौके पर मौत, 5 घायल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.