अपहरण और हत्या का सनसनीखेज खुलासा: बिहार के 14 साल के बच्चे का क़त्ल, 5 आरोपी हरियाणा से गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार के नवादा जिले में 14 साल के बच्चे सूरज कुमार उर्फ सुंदरम के अपहरण और हत्या का मामला सुलझ गया है। उत्तर प्रदेश एसटीएफ और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम ने इस वारदात में शामिल 5 आरोपियों को हरियाणा के फरीदाबाद से गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने फिरौती के लिए फोन किया था, जिसकी लोकेशन यूपी और दिल्ली में ट्रैक की गई थी।
क्या था पूरा मामला?
20 अगस्त 2025 को बिहार के नवादा पुलिस अधीक्षक ने यूपी एसटीएफ से संपर्क कर बताया कि उनके जिले से 14 साल के सूरज का अपहरण हो गया है और अपहरणकर्ताओं ने 30 लाख रुपये की फिरौती मांगी है। सबसे चौंकाने वाली बात यह थी कि फिरौती की रकम अपहृत बच्चे के ही मोबाइल से मांगी जा रही थी, जिसकी लोकेशन लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन की थी।
इसके बाद, एसटीएफ लखनऊ की एक टीम फिरौती के लिए इस्तेमाल किए जा रहे फोन की लोकेशन को लखनऊ, हरदोई, बरेली और दिल्ली तक ट्रैक करती रही। आखिर में, 22 अगस्त को टीम फरीदाबाद पहुंची और बिहार पुलिस से संपर्क कर एक संयुक्त टीम बनाई।
दोस्तों ने ही की थी हत्या
23 अगस्त को यूपी एसटीएफ और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम ने फरीदाबाद के पल्ला थाना क्षेत्र से 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में मुख्य आरोपी सूरज कुमार ने बताया कि करीब 4 महीने पहले उसने OLX पर एक आईफोन खरीदने के लिए विज्ञापन देखा था। QR कोड के जरिए उससे 1.15 लाख रुपये ले लिए गए, लेकिन आईफोन नहीं भेजा गया। जब उसने अपने दोस्त कन्हैया को इस बारे में बताया, तो कन्हैया ने आधार कार्ड देखकर बताया कि यह सूरज उर्फ सुंदरम का है, जो उनके दूर का रिश्तेदार है।
बदला लेने के लिए आरोपी सूरज ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर सुंदरम को 19 अगस्त 2025 को वारसलीगंज रेलवे स्टेशन पर बुलाया। वहाँ से उसे बागी बगडिहा गांव के पास एक बालू खदान में ले जाकर गमछे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और शव को बालू में दबा दिया। इसके बाद, उन्होंने सुंदरम के ही फोन से उसके पिता से 30 लाख की फिरौती मांगी। आरोपी घटना के बाद नेपाल भागने की फिराक में थे। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ बिहार के नवादा जिले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने मृतक का मोबाइल भी बरामद कर लिया है, जिससे यह पूरा मामला उजागर हुआ।
Also Read: सिद्धार्थनगर में प्रभारी मंत्री की बैठक, अनिल राजभर बोले- परियोजनाएं समय पर हों पूरी

