भारत में अमेरिकी राजदूत होंगे सर्जियो गोर, ट्रंप ने की घोषणा
Sandesh Wahak Digital Desk: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने करीबी सहयोगी और विश्वसनीय राजनीतिक रणनीतिकार सर्जियो गोर को भारत में अगला अमेरिकी राजदूत और दक्षिण व मध्य एशिया मामलों के लिए विशेष दूत बनाने की घोषणा की है। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर यह जानकारी दी।
गोर की तारीफ में ट्रंप ने कही ये बातें
ट्रंप ने अपने बयान में गोर की निष्ठा, संगठनात्मक क्षमता और उनके काम की तारीफ की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति कार्यालय में कार्मिक निदेशक के तौर पर गोर और उनकी टीम ने बहुत कम समय में लगभग 4,000 नियुक्तियाँ की थीं, जिससे सरकारी विभागों में 95% से ज्यादा पद भरे गए। उन्होंने गोर को एक बेहतरीन राजदूत बताते हुए कहा, दुनिया के सबसे ज्यादा आबादी वाले क्षेत्र के लिए, यह जरूरी है कि मेरे पास कोई ऐसा व्यक्ति हो जिस पर मैं पूरी तरह भरोसा कर सकूं जो मेरे एजेंडे को पूरा करे और अमेरिका को फिर से महान बनाने में हमारी मदद करे।
गोर ने जताया आभार, टॉप नेताओं ने दी बधाई
सर्जियो गोर ने ट्रंप का आभार जताते हुए कहा कि यह उनके लिए सबसे बड़ा सम्मान है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, राष्ट्रपति ट्रंप का मुझ पर भरोसा जताने के लिए मैं बहुत आभारी हूं। भारत में अमेरिका का राजदूत बनना मेरे जीवन का सबसे बड़ा सम्मान होगा।
उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने गोर को बधाई देते हुए कहा कि वह भारत में देश के शानदार राजदूत साबित होंगे। विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भारत को अमेरिका के लिए सबसे महत्वपूर्ण रिश्तों में से एक बताया। एफबीआई निदेशक काश पटेल ने भी इस नियुक्ति को ‘शानदार चयन’ बताया।
कौन हैं सर्जियो गोर
38 वर्षीय सर्जियो गोर अमेरिकी राजनीति में बहुत तेजी से उभरे हैं और ट्रंप के सबसे भरोसेमंद सहयोगियों में गिने जाते हैं। उनका मुख्य काम करीब 4,000 अधिकारियों की जांच करना था, ताकि वे ट्रंप के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध हों। फिलहाल, वह अपनी नियुक्ति की पुष्टि होने तक व्हाइट हाउस में अपनी मौजूदा भूमिका में बने रहेंगे।
Also Read: श्रावस्ती में 30 सील हुए मदरसों की होगी दोबारा जांच, प्रशासन ने बनाई 44 टीमें

