नियमित योग से दूर हो सकती हैं गंभीर बीमारियां : प्रदीप सिंह
Sandesh Wahak Digital Desk: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर लखनऊ में आयोजित एक विशाल योग सत्र में हजारों लोगों ने हिस्सा लिया। समाजसेवी प्रदीप कुमार सिंह उर्फ पीके सिंह ने इस मौके पर लोगों को नियमित योग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि योग सिर्फ शारीरिक फिटनेस का जरिया नहीं, बल्कि मानसिक शांति और गंभीर बीमारियों से बचाव का प्रभावी माध्यम है।
प्रदीप सिंह ने कहा कि “देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में आज योग एक वैश्विक आंदोलन बन चुका है। सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी युवा, महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग योग को अपने जीवन का हिस्सा बना चुके हैं।” उन्होंने बताया कि निरंतर योगाभ्यास से बीपी, शुगर, अस्थमा और तनाव जैसी समस्याओं से छुटकारा पाया जा सकता है।
बुजुर्गों से लेकर युवाओं तक, सभी को योग अपनाने की सलाह
कार्यक्रम में उपस्थित डॉ. एस.एन. त्रिपाठी ने कहा कि जिस दिन से लोगों ने योग को अपनाया है, उनके जीवन में रोगों की संख्या कम हुई है। हर व्यक्ति को दिन में कम से कम दो घंटे योग करना चाहिए। वहीं ओ.पी. श्रीवास्तव ने कहा कि यह हम सबकी जिम्मेदारी है कि योग के प्रति ज्यादा से ज्यादा लोगों को जागरूक करें, ताकि एक स्वस्थ समाज का निर्माण हो सके।
महिलाओं और युवाओं ने भी दी योग को प्राथमिकता
नीलम सिंह ने कहा कि महिलाओं को योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। योग महिलाओं को ब्लड प्रेशर, शुगर और सांस की बीमारियों से बचाने में मदद करता है। युवा नेता सार्थक प्रताप सिंह ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी योग, दौड़ और जिम को लेकर जागरूक है, जो एक अच्छा संकेत है। स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क होता है, और योग इसमें अहम भूमिका निभाता है। कार्यक्रम में रामाशीष सिंह, विजय प्रताप सिंह, नीलम सिंह, सार्थक प्रताप सिंह, और अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।
Also Read: Lucknow: CM आवास के पास महिला ने किया आत्मदाह का प्रयास, पुलिस पर लापरवाही का आरोप

