दिल्ली में डबल मर्डर से सनसनी, मालकिन की डांट से गुस्साए नौकर ने मां-बेटे का गला रेता
Sandesh Wahak Digital Desk: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली एक बार फिर दोहरे हत्याकांड से दहल उठी है। लाजपत नगर इलाके में एक घर में घुसकर एक महिला और उसके बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी गई है। कातिल ने मां-बेटे का गला रेता, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इस सनसनीखेज डबल मर्डर केस में दिल्ली पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान लाजपत नगर-1 इलाके की रहने वाली 42 वर्षीय रुचिका सेवानी और उसके 14 वर्षीय बेटे कृष सेवानी के रूप में हुई है। रुचिका अपने पति के साथ लाजपत नगर मार्केट में गारमेंट की दुकान चलाती थीं, जबकि बेटा कृष कक्षा 10वीं का छात्र था। पुलिस ने गुरुवार को जानकारी दी कि आरोपी को उस समय गिरफ्तार किया गया, जब वह मौके से भागने की कोशिश कर रहा था।
खून से लथपथ मिले शव, पति ने दी थी सूचना
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, लाजपत नगर के रहने वाले 44 वर्षीय कुलदीप सेवानी ने बुधवार रात करीब पौने 10 बजे पुलिस को कॉल कर सूचना दी थी। कुलदीप ने बताया कि उनकी पत्नी और बेटा फोन का जवाब नहीं दे रहे हैं, घर का दरवाजा बंद है और गेट व सीढ़ियों पर खून के धब्बे दिखाई दे रहे हैं।
कुलदीप की सूचना पर दिल्ली पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। टीम ने जबरन घर का गेट खोला, जहां अंदर महिला और बच्चे के खून से लथपथ शव पड़े हुए थे। पुलिस ने तुरंत दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शुरुआती जांच के दौरान पुलिस को घर के नौकर के गायब होने की जानकारी मिली, जिससे उस पर संदेह गहरा गया।
मालकिन की डांट बनी हत्या की वजह!
दिल्ली पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान 24 वर्षीय मुकेश के रूप में हुई है। वह बिहार के हाजीपुर का रहने वाला है और दिल्ली में अमर कॉलोनी में रह रहा था। मुकेश, रुचिका की गारमेंट की दुकान पर सहायक के तौर पर काम करता था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि रुचिका ने हाल ही में मुकेश को किसी बात पर डांटा था। इसी बात से नाराज होकर मुकेश ने इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया। पुलिस ने उसे हत्याकांड के बाद भागते समय गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल, पुलिस मामले की आगे की कार्रवाई और गहन जांच में जुटी हुई है। इस घटना से पूरे लाजपत नगर में दहशत का माहौल है।
Also Read: मंडी में बारिश का कहर, भूस्खलन से 13 की मौत, 29 लोग अभी भी लापता

