‘मां के नाम एक पेड़’ अभियान को झटका, आजमगढ़ में सफाईकर्मियों ने नष्ट किए सैंकड़ों पौधे

Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के महत्वाकांक्षी अभियान ‘मां के नाम एक पेड़’ को आजमगढ़ के जहानागंज ब्लॉक में बड़ा झटका लगा है। यहां के अमदही गांव में ग्राम प्रधान द्वारा लगाए गए पौधों को गांव के ही सफाईकर्मियों ने ट्रैक्टर चलाकर पूरी तरह से नष्ट कर दिया।

गांववालों का कहना है कि प्राथमिक विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र के पास की खाली ज़मीन पर पौधारोपण किया गया था। ये पौधे बरसात के बाद बड़े होकर गांव को हरियाली देने वाले थे। लेकिन सफाईकर्मियों ने ‘सफाई’ के नाम पर ट्रैक्टर चलाकर सब कुछ बर्बाद कर दिया।

जब इस मामले में गांव के सचिव संतोष सिंह से बात की गई, तो उनका जवाब बेहद गैर-जिम्मेदाराना था। उन्होंने कहा, “आपसे मतलब क्या है?” सचिव के इस जवाब ने गांववालों का गुस्सा और बढ़ा दिया। गांववालों का कहना है कि ऐसे ही अधिकारियों की लापरवाही से प्रधानमंत्री के बड़े-बड़े अभियान ज़मीनी स्तर पर फेल हो जाते हैं।

जांच के आदेश, दोषियों पर कार्रवाई की मांग

गांव के लोगों ने प्रशासन से तुरंत कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि जब प्रधानमंत्री खुद पर्यावरण बचाने का संदेश दे रहे हैं, तो गांव स्तर पर उनकी योजनाओं को क्यों बर्बाद किया जा रहा है? मामले की जानकारी मिलने पर जहानागंज विकास खंड के अधिकारी रवि कुमार ने कहा कि वे इस मामले की जांच करवाएंगे और जो भी दोषी पाया जाएगा, उस पर कार्रवाई होगी। वहीं, आजमगढ़ के डीएफओ (जिला वन अधिकारी) ने भी तुरंत जांच के आदेश दिए हैं और कहा है कि जिसने भी पौधे नष्ट किए हैं, उस पर सख्त कार्रवाई होगी।

Also Read: Gonda News: रंग लाई वंदना पटेल की मेहनत, अब मिलेगा राज्य अध्यापक पुरस्कार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.