दिल्ली में विरोध प्रदर्शन के चलते कई ट्रेनें रद्द, नई दिल्ली और निजामुद्दीन स्टेशन जाने से पहले चेक करें स्टेटस

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी दिल्ली में चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जारी विरोध प्रदर्शनों का सीधा असर अब रेल सेवाओं और यात्रियों पर दिखाई देने लगा है। गुरुवार को दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में लगे भारी ट्रैफिक जाम के कारण करीब 5,000 यात्रियों की ट्रेनें छूट गईं। इसके बाद स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है। 10 अक्टूबर को प्रस्तावित बड़े विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली के दो प्रमुख स्टेशनों नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन पर आने वाली कई ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है।

10 अक्टूबर को CJP का जंतर-मंतर पर प्रदर्शन

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर व्यापक विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है। इसके चलते 10 अक्टूबर को दोनों प्रमुख रेलवे स्टेशनों के आसपास सड़कों पर भारी ट्रैफिक जाम रहने की आशंका जताई गई है। इसी संभावित अव्यवस्था से यात्रियों को बचाने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए रेलवे ने ट्रेनों को रद्द करने का कदम उठाया है।

जानिए कौन सी ट्रेनें रहेंगी रद्द

रेलवे द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, दोपहर 2 बजे के बाद अपने शुरुआती स्टेशनों से चलने वाली और 10 अक्टूबर को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच नई दिल्ली या हजरत निजामुद्दीन पहुंचने वाली ट्रेनों को रद्द किया गया है। इसका तात्पर्य यह है कि यदि आप किसी स्टेशन से दोपहर 2 बजे के बाद ट्रेन में सवार होते हैं और उस ट्रेन को शनिवार दोपहर 2 बजे से पहले दिल्ली पहुंचना था, तो वह इस समयावधि में रद्द रहेगी।

यात्रियों से स्टेशन जाने से पहले स्टेटस चेक करने की अपील

रेल मंत्रालय के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, गुरुवार को नई दिल्ली और मध्य दिल्ली के इलाकों में भयंकर जाम के कारण समय पर न पहुंच पाने की वजह से 5,000 से अधिक यात्रियों की ट्रेनें छूट गई थीं। इसके साथ ही IRCTC की ग्रुप टिकट बुकिंग कैंसिल होने से भी यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। रेलवे प्रशासन ने सभी यात्रियों से विशेष अपील की है कि वे घर से निकलने और स्टेशन पहुंचने से पहले अपनी ट्रेन का शेड्यूल और रनिंग स्टेटस जरूर जांच लें।

Also Read: भारतीय IT कंपनियों पर अमेरिका ने कसा शिकंजा, Infosys-TCS-Wipro समेत कई PERM से सस्पेंड

Get real time updates directly on you device, subscribe now.