यूपी में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का सितम, अब ‘बारिश’ बढ़ाएगी मुश्किलें, मौसम विभाग का अलर्ट
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में भीषण ठंड और बर्फीली हवाओं का प्रकोप जारी है। शुक्रवार की सुबह प्रदेश के अधिकांश हिस्से घने कोहरे और कड़ाके की ठिठुरन की चपेट में रहे। मौसम विभाग के अनुसार, पहाड़ों पर सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के कारण अब मैदानी इलाकों में बारिश की संभावना बन रही है, जिससे ठिठुरन और बढ़ सकती है।
रिकॉर्ड गिरावट: हरदोई और बरेली सबसे ठंडे
पिछले 24 घंटों में उत्तर प्रदेश के कई जिलों में सीजन की सबसे सर्द रात दर्ज की गई।
सबसे ठंडा शहर: हरदोई में न्यूनतम तापमान 3.0°C दर्ज किया गया, जो पूरे प्रदेश में सबसे कम रहा।
बर्फीली रातें: रायबरेली (फुर्सतगंज) में पारा 3.4°C, बरेली में 3.5°C, कानपुर में 3.8°C और मेरठ में 5.3°C दर्ज हुआ।
दिन में भी राहत नहीं: बरेली में अधिकतम तापमान मात्र 10.5°C रहा, जिससे दिन में भी रात जैसी ठंड का अहसास हुआ।
18-19 जनवरी को बारिश का अनुमान
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, आने वाले दिनों में मौसम के मिजाज में बड़ा बदलाव आने वाला है। अगले 4 दिनों में रात का पारा 4 से 5 डिग्री चढ़ सकता है, जिससे गलन से मामूली राहत मिलेगी। 18 और 19 जनवरी को उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश के आसार हैं। बसंत पंचमी के आसपास भी प्रदेश के विभिन्न इलाकों में बादल बरसने के संकेत हैं। 26 जनवरी से कोहरा और बर्फीली हवाएं एक बार फिर से कड़ाके की सर्दी का नया दौर शुरू करेंगी।
कोहरे और पाले की दोहरी मार
पछुआ हवाओं के कारण धूप का असर बेअसर साबित हो रहा है। रात के समय पाला (Frost) गिरने से फसलों को नुकसान की आशंका है, वहीं बेहद घना कोहरा अगले तीन दिनों तक यातायात और सामान्य जनजीवन को प्रभावित करता रहेगा।
Also Read: चंदौली: 100 की रफ्तार से कहर बरपाती स्कॉर्पियो ने 5 को रौंदा, एक की मौत, चार वाहन क्षतिग्रस्त

