Lucknow News: SGPGI को मिली बड़ी उपलब्धि, NIRF में छठवां रैंक और NAAC से A++ ग्रेड

Lucknow News: संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (SGPGI) ने इस साल एक और उपलब्धि अपने नाम की है। संस्थान को NIRF रैंकिंग में छठवां स्थान और NAAC से A++ ग्रेड मिला है। 79वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के मौके पर संस्थान में ध्वजारोहण करते हुए निदेशक पद्मश्री प्रो. राधा कृष्ण धीमन ने इन उपलब्धियों का जिक्र किया और संस्थान परिवार को बधाई दी।

भर्तियों और नई योजनाओं का जिक्र

प्रो. धीमन ने बताया कि पिछले एक वर्ष में संस्थान ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। 113 फैकल्टी पदों पर भर्तियां पूरी हुई हैं। नॉन-फैकल्टी पदों पर 2240 में से 1877 भर्ती सफलतापूर्वक पूरी की गईं। 1560 नए सदस्य अब संस्थान परिवार का हिस्सा बन चुके हैं। उन्होंने इसे संस्थान की कार्यक्षमता और भविष्य की मजबूती के लिए अहम बताया।

SGPGI Independence Day

मरीजों की सुविधा के लिए नई पहलें

निदेशक ने कहा कि गंभीर मरीजों को उनके ही शहर में इलाज देने के लिए “हब एंड स्पोक मॉडल” पर आधारित टेली ICU शुरू किया गया है, जो पीजीआई और उत्तर प्रदेश के 6 मेडिकल कॉलेजों को जोड़ता है। इसके अलावा सलोनी हार्ट फाउंडेशन की शुरुआत की गई है, ताकि जन्मजात हृदय रोग (Congenital Heart Disease) से पीड़ित बच्चों को बेहतर इलाज मिल सके। एडवांस पीडियाट्रिक सेंटर का निर्माण कार्य जारी है। रोबोटिक सर्जरी को बढ़ावा देने के लिए दो और रोबोट लाए जा रहे हैं। जल्द ही गामा नाइफ तकनीक भी मरीजों को उपलब्ध होगी।

बुनियादी ढांचे में सुधार

मरीजों और उनके परिजनों के ठहरने की सुविधा के लिए गेट नंबर दो पर 1000 बिस्तरों का रैन बसेरा और मल्टी-लेवल पार्किंग का निर्माण तेजी से हो रहा है। साथ ही रोगी प्रबंधन और इन्वेंट्री प्रबंधन प्रणाली भी लागू की जा रही है।

देशभक्ति के रंग में डूबा समारोह

स्वतंत्रता दिवस पर संस्थान परिवार ने देशभक्ति के जज़्बे के साथ कार्यक्रम मनाया। कॉलेज ऑफ नर्सिंग के छात्रों ने गीत और नृत्य प्रस्तुत कर माहौल को उत्सवमय बना दिया। समारोह के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को निदेशक ने सम्मानित किया। इस मौके पर संस्थान के डीन प्रो. शालीन कुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो. देवेंद्र गुप्ता, चिकित्सा अधीक्षक प्रो. आर. हर्षवर्धन, संयुक्त निदेशक (प्रशासन) लेफ्टिनेंट कर्नल जयदीप सिंह घुम्मन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Also Read: सपा से निष्कासित पूजा पाल बोली : ‘जिसने न्याय दिलाया, उसकी तारीफ करना क्या गलत है?’

Get real time updates directly on you device, subscribe now.