बड़े पर्दे पर जीवंत होगी शाह बानो की लड़ाई, यामी गौतम और इमरान हाशमी निभाएंगे मुख्य भूमिका
Sandesh Wahak Digital Desk: बॉलीवुड एक्ट्रेस यामी गौतम और एक्टर इमरान हाशमी जल्द ही एक बेहद संवेदनशील और ऐतिहासिक विषय पर आधारित फिल्म में साथ नजर आएंगे। यह फिल्म 1985 के चर्चित शाह बानो केस पर आधारित है, जिसने देश में मुस्लिम महिलाओं के अधिकारों को लेकर नई बहस को जन्म दिया था। फिल्म का पहला शेड्यूल पूरा हो चुका है और अब इसके अगले चरण की तैयारी शुरू हो गई है।
यामी गौतम, इमरान हाशमी इस किरदार में आएंगे नज़र

इस फिल्म में यामी गौतम शाह बानो का किरदार निभा रही हैं, जबकि इमरान हाशमी उनके पति मोहम्मद अहमद खान की भूमिका में नजर आएंगे, जिन्होंने शाह बानो को तीन तलाक दे दिया था। 62 वर्षीय शाह बानो ने अपने गुजारे भत्ते के लिए दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 125 के तहत न्याय की मांग की थी, जिसे लेकर देशभर में बहस छिड़ गई थी। सुप्रीम कोर्ट का यह फैसला भारत के धर्मनिरपेक्ष संविधान और लैंगिक समानता की दिशा में एक मील का पत्थर साबित हुआ।
फिल्म में 80 के दशक की पृष्ठभूमि को दर्शाया जायेगा

फिल्म में 1970 और 80 के दशक की पृष्ठभूमि को दिखाया जाएगा, जहां एक महिला अपने हक के लिए पूरे समाज और व्यवस्था से लड़ती है। यामी गौतम एक साहसी और न्याय की तलाश में निकली महिला की भूमिका में नजर आएंगी, जो मुस्लिम पर्सनल लॉ और संविधान के बीच की खींचतान को दर्शाएगी।
यामी ‘आर्टिकल 370’ में दी थी अपनी दमदार परफॉर्मेंस

वर्क फ्रंट की बात करें तो यामी हाल ही में ‘आर्टिकल 370’ में अपनी दमदार परफॉर्मेंस के लिए खूब सराही गई थीं। वहीं, इमरान हाशमी भी ‘ग्राउंड जीरो’ में एक बीएसएफ ऑफिसर के रूप में नज़र आएंगे। शाह बानो केस पर आधारित यह फिल्म न सिर्फ एक कानूनी लड़ाई को दर्शाएगी, बल्कि समाज में महिलाओं की स्थिति और उनके अधिकारों पर भी गहरा प्रश्न उठाएगी।

