रजनीकांत की Jailer 2 में दिखेंगे शाहरुख खान

Sandesh Wahak Digital Desk: साउथ सिनेमा में इन दिनों बड़े सितारों की फिल्मों को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। हाल ही में यश की फिल्म टॉक्सिक का टीजर सामने आया, जिसने यूट्यूब पर धूम मचा दी। इसी बीच अब रजनीकांत की फिल्म जेलर 2 (Jailer 2) को लेकर भी नया अपडेट सामने आया है। दर्शक इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं और अब खबर है कि इस फिल्म में बॉलीवुड सुपरस्टार की भी एंट्री होने वाली है।

कैमियो रोल में नजर आएंगे शाहरुख खान

रिपोर्ट्स के मुताबिक शाहरुख खान जेलर 2 (Jailer 2) में कैमियो रोल में दिखाई देंगे। बताया जा रहा है कि वह इस साल बड़े पर्दे पर फिल्म किंग से वापसी करने वाले हैं, जिसमें उनकी बेटी सुहाना खान और अभिषेक बच्चन नजर आएंगे। हालांकि किंग के अलावा वह रजनीकांत की जेलर 2 का भी हिस्सा बनने जा रहे हैं। Valai Pechu की एक रिपोर्ट के अनुसार शाहरुख इस फिल्म में खास उपस्थिति दर्ज कराएंगे।

मार्च 2026 में शुरू होगी शूटिंग

खबरों की मानें तो शाहरुख खान जल्द ही जेलर 2 (Jailer 2) की शूटिंग शुरू करेंगे। वह इस फिल्म के लिए करीब 7 से 8 दिनों तक शूट करेंगे। रिपोर्ट्स में कहा गया है कि मार्च 2026 में वह फिल्म के सेट पर पहुंचेंगे और अपने हिस्से की शूटिंग पूरी करेंगे। फिल्म की अधिकांश शूटिंग पहले ही पूरी हो चुकी है और केवल एक हिस्सा बाकी है। हालांकि शाहरुख खान के कैमियो को लेकर अब तक मेकर्स की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

फिल्म की स्टारकास्ट और निर्देशन

दरअसल जेलर 2 (Jailer 2) का निर्देशन नेल्सन दिलीप कुमार कर रहे हैं और फिल्म में लीड रोल में रजनीकांत नजर आएंगे। फिल्म में विद्या बालन और मिथुन चक्रवर्ती भी दिखाई देंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक एसजे सूर्या विलेन की भूमिका में नजर आएंगे। पिछली फिल्म में जहां तमन्ना भाटिया का डांस सॉन्ग काफी चर्चित रहा था, वहीं इस बार नोरा फतेही स्पेशल डांस करती हुई नजर आएंगी।

रजनीकांत की अगली फिल्म

वहीं जेलर 2 (Jailer 2) के अलावा रजनीकांत फिल्म KHxRK में भी दिखाई देंगे। इस फिल्म में उनके साथ कमल हासन नजर आएंगे। फिल्म का टाइटल प्रोमो 21 फरवरी को जारी किया जाएगा।

साउथ और बॉलीवुड के दिग्गज सितारों के साथ जेलर 2 को लेकर उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है और दर्शकों को इस फिल्म से बड़े पर्दे पर जबरदस्त मनोरंजन की उम्मीद है।

 

Also Read: “मैं बॉलीवुड छोड़ना नहीं चाहती थीं”, Priyanka Chopra ने किया खुलासा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.