दिल्ली ब्लास्ट की शाही इमाम सैयद अहमद बुखारी ने की कड़ी निंदा

Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली में लाल किले के पास हुए धमाके ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस घटना की शाही जामा मस्जिद के इमाम मौलाना सैयद अहमद बुखारी (Maulana Syed Ahmed Bukhari)  ने तीखी निंदा की है। उन्होंने इसे देश में अशांति फैलाने की एक घृणित साजिश बताते हुए कहा कि समाज के हर तबके को मिलकर इस तरह के मंसूबों को नाकाम करना चाहिए।

एकजुटता की अपील

मौलाना बुखारी ने कहा कि यह हमला सिर्फ दिल्ली पर नहीं बल्कि भारत की एकता और अखंडता पर सीधा प्रहार है। उन्होंने देशवासियों से अपील की कि वे धर्म, जाति और समुदाय से ऊपर उठकर इस तरह की हिंसक घटनाओं के खिलाफ एकजुट हों। शाही इमाम ने कहा, भारत के मुसलमान भारतीय हैं, और वे कश्मीरियों, सिख भाइयों तथा अन्य समुदायों के साथ मिलकर आतंकवाद के विरुद्ध खड़े हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि सरकार को इस हमले की निष्पक्ष और कठोर जांच करानी चाहिए ताकि असली अपराधियों को सख्त सज़ा मिल सके। कार्रवाई हो और इंसाफ होता हुआ भी दिखे, शाही इमाम ने इस बात पर जोर दिया।

Maulana Syed Ahmed Bukhari

“जान लेना इस्लाम के खिलाफ”

बुखारी ने कहा कि इस तरह के हमले देश में भय और अविश्वास फैलाने की कोशिश हैं, लेकिन हमें अपने देश की सुरक्षा और अमन को बनाए रखने के लिए एकजुट रहना होगा। उन्होंने प्रधानमंत्री से अपील की कि इस आतंकवादी घटना के पीछे छिपे हर हाथ को बेनकाब किया जाए।

इस दौरान शाही इमाम ने स्पष्ट कहा कि निर्दोष लोगों की जान लेना इस्लाम के सिद्धांतों के खिलाफ है। इस्लाम किसी भी निर्दोष की हत्या की अनुमति नहीं देता। वहीं अंत में उन्होंने सभी नागरिकों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की ताकि आतंकवादी ताकतें अपने मंसूबों में कभी कामयाब न हो सकें। देश में अमन, एकता और भाईचारे की मिसाल कायम रखने का यही सबसे सशक्त जवाब होगा।

 

Also Read: अल-फलाह यूनिवर्सिटी पर ईडी का शिकंजा, फंडिंग की होगी जांच

Get real time updates directly on you device, subscribe now.